आगरालीक्स…घर से दवा लेने के लिए निकली ही थी महिला कि गली में बाइक पर आए दो हमलावरों ने गोली मारकर कर दी हत्या. पति गली के बाहर करता रह गया इंतजार…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में दिनदहाड़े हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है. गली के बाहर पत्नी के इंतजार में खड़े पति के पास जाने के लिए घर से निकली महिला की गली में बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है. मामले की जांच की जा रही है.

किराए के मकान में रहता है पीड़ित परिवार
घटना थाना उत्तर क्षेत्र के तिलक नगर की है. यहां देशपाल जौदान पिछले 22 सालों से किराए के मकान में रह रहे हैं. उनकी पत्नी सुधा की गर्दन में कई दिनों से दर्द था. आज सुबह पति बाइक लेकर सर्विस लेन पर तिलकनगर मोड़ पर खड़े होकर पत्नी की प्रतीक्षा कर रहे थे और इधर सुधाकमरे का ताला लगाकर उनके पास जा रही थी. गली में पहुंचतें ही बाइक सवार दो हमलावरों मे ंसे एक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. तीन गोलियां लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है. हमलावर कौन थे और उन्होंने हत्या क्यों की इसका अभी कुछ पता नहीं चला है. दोनों पति पत्नी यहां अकेले रहते थे और इनका बेटा कर्नाटक में जॉब करता है जबकि बेटी की शादी हो चुकी है.