आगरालीक्स..आगरा के आंबेडकर विवि के बीए, बीएससी और बीकॉम अंतिम वर्ष के छात्रों को तीन विषयों की परीक्षा देनी होगी, अभी दो विषयों की परीक्षा देनी थी, विवि की विद्या परिषद की बैठक में एलएलबी, बीए एलएलबी, बीएड में फेल छात्रों को री एग्जाम देने का मौका मिलेगा।
आगरा में गुरुवार को विवि के खंदारी परिसर में विद्या परिषद की बैठक हुई, इसमें विवि में तीन साल पहले बीए, बीएससी और बीकॉम में तीन की जगह दो विषय किए गए संशोधन को निरस्त करते हुए पूर्व की तरह अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए तीन विषय पढने पर मुहर लगा दी गई। कुलपति प्रो. अशोक मित्तल कुलसचिव डा. अंजनी कुमार मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डा. राजीव कुमार, प्रो. यूसी शर्मा, प्रो. अजय तनेजा, प्रो. प्रदीप श्रीधर, प्रो. अनिल वर्मा, प्रो. बिंदु शेखर शर्मा, प्रो. बीपी सिंह, प्रो. मनोज उपाध्याय, प्रो. दीपमाला श्रीवास्तव, आदि मौजूद रहे ।
दे सकेंगे री एग्जाम
बीएड के 2015 से शुरू किए गए दो वर्षीय पाठ्यक्रम के जो छात्र बीएड प्रथम वर्ष व बीएड द्वितीय वर्ष की री एग्जाम अथवा भूतपूर्व छात्र के रूप में अधिकतम दो प्रश्न पत्रों में अनुत्तीर्ण हैं, ऐसे सभी छात्रों को भी री एग्जाम का एक अवसर प्रदान किया जाएगा। इसी साल बीएड द्वितीय वर्ष की परीक्षा के फार्म भरवाए जाएंगे।बीबीए और बीसीए के भी एक या दो प्रश्नपत्रों में अनुत्तीर्ण छात्रों को भी री एग्जाम देने का अवसर मिलेगा। एलएलबी पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने की अधिकतम समय सीमा छह वर्ष है और बीए एलएलबी पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने की अधिकतम समय सीमा आठ वर्ष है। इन दोनों पाठ्यक्रमों के वह छात्र जिनके पाठ्यक्रम की अधिकतम सीमा समाप्त हो चुकी है अथवा वर्ष 2020 में पूर्ण हो रही है, पर तीन प्रश्न पत्रों में अनुत्तीर्ण होने के कारण डिग्री अधूरी है, ऐसे छात्रों को एक अवसर और मिलेगा।