आगरालीक्स …आगरा में ऑनलाइन होटल कंपनी ओयो के मैनेजर के खिलाफ 45 लाख की धोखाधडी का मुकदमा दर्ज कराया है। यह मुकदमा आगरा के होटल के मैनेजर ने दर्ज कराया है। आरोप है कि कंपनी ने करार की शर्तों को पूरा न करते हुए होटल के साथ 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। मैनेजर ने मुकदमे में कंपनी के आगरा क्षेत्र के तीन कर्मचारियों को भी नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहीदनगर थाना सदर स्थित चाणक्य होटल के मेनेजर रिषीकेश जैसवाल ने थाना सदर में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया कि नौ सितंबर 2018 को ऑनलाइन होटल कंपनी ओयो के साथ करार किया था। करार के तहत कंपनी को होटल का प्रचार और अन्य सुविधाएं मुहैया करानी थीं। आरोप है कि ओयो ने जो सुविधाएं मुहैया कराईं, वह निम्न दर्जे की थीं। कंपनी के आगरा क्षेत्र के मैनेजर व कर्मचारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने भी गलत आश्वासन दिए। अब कोई भी फोन नहीं उठाता है। होटल के मैनेजर का आरोप है कि कंपनी ने होटल के साथ 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पीड़ित की तहरीर पर थाना सदर में ओयो के लोकल मैनेजर रितेश अग्रवाल, उदयसिंह और अभिनव पाठक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।