आगरालीक्स…टूंडला रेलवे स्टेशन से मुक—बधिर महिला का एक साल का बच्चा चोरी. सीसीटीवी में ले जाता दिखा एक व्यक्ति्. आरपीएफ ने तीन घंटे के अंदर बच्चे को किया बरामद..महिला—पुरुष अरेस्ट
टूंडला रेलवे स्टेशन से शनिवार सुबह एक मूक—बधिर महिला का एक साल का बच्चा चोरी हो गया. महिला लघुशंका के लिए गई थी लेकिन जब वापस लौटी तो बैंच से बच्चा गायब था. उसके शोर मचाने पर आरपीएफ ने सीसीटीवी देखा तो एक व्यक्ति बच्चे को ले जाते हुए दिखा. अगले सीसीटीवी में वह एक महिला के साथ ट्रेन में चढ़ता दिखा. आरपीएफ ने सीसीटीवी की मदद से घटना के तीन घंटे बाद दादरी से महिला पुरुष को अरेस्ट कर लिया और बच्चे को बरामद कर लिया है.
शनिवार सुबह टूंडला रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3—4 पर एक महिला एक साल के बच्चे के साथ बैंच पर बैठी थी. वह लघुशंका के लिए गई और जब वापस लौटी तो उसका बच्चा बैंच से गायब था. बच्चे को गायब देखकर महिला जोर जोर से चीखने चिल्लाने लगी. उसकी पुकार सुनकर आरपीएफ कर्मी वहां पहुंचे. मूक—बधिर होने के कारण महिला इशारों से ही बच्चे के गायब होने की जानकारी दे पाई. आरपीएफ ने सीसीटीवी चेक किए तो एक फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को ले जाते दिखा. वहीं दूसरे फुटेज में वह व्यक्ति एक महिला के साथ पूर्वा एक्सप्रेस में चढ़ते नजर आए.
आरपीएफ ने इसकी सूचना तत्काल अलीगढ़ स्टेशन को दी लेकिन ट्रेन वहां से आगे जा चुकी थी. इसके बाद दादरी स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया और बी4 कोच से बच्चे के साथ एक महिला और एक पुरुष को पकड़ लिया गया. आरपीएफ के कंपनी कमांडन अवधेश गोस्वामी ने बताया कि बच्चे को बरामद कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.