हाथरसलीक्स…21 फरवरी को शादी और 25 फरवरी को नई नवेली दुल्हन प्रेमी के साथ फुर्र. घर से 15 लाख के जेवर और दूल्हे के पर्स से कैश भी ले गई. दूल्हा बोला—सुहागरात पर नहीं आने दिया पास…
आगरा से सटे हाथरस जिले से एक चौंकाने वाली खबर आई है. 21 फरवरी को शादी और 25 फरवरी को नई नवेली दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फुर्र हो गई. जाने से पहले उसने दूल्हा सहित ससुरालियों को खाना खिलाया जिससे वो गहरी नींद में सो गए और घर में रखे 15 लाख के जेवर और दूल्हे के पर्स से कैश भी ले गई है. पीड़ित दूल्हे ने इसकी शिकायत पुलिस में की है. पुलिस का कहना है कि गायब दुल्हन और उसके प्रेमी की तलाश की जा रही है.जानिए क्या है पूरा मामला
हाथरस के नगला नाई में सुनील पुत्र हेतराम रहता है. सुनील शटरिंग का काम करता है. उसकी शादी 21 फरवरी को कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव परसाना में रहने वाले धर्मेंद्र की 20 साल की बेटी मोनिका के साथ हुई थी. शादी धूमधाम से हुई और 22 फरवरी को विदा होकर दुल्हन अपने ससुराल पहुंची. सुनील ने बताया कि शादी के दौरान मोनिका खुश लग रही थी, लेकिन जब सुहागरात को वह मोनिका के पास गया तो उसने उसे पास नहीं आने दिया और कहा कि मैं किसी और से प्यार करती हूं. यह सुनकर वह दंग रह गया. समझाने की कोशिश की तो उसने चाकू से हमला कर दिया और दूर रहने की धमकी देने लगी.
दो दिन रही शांत
अगले दिन दूल्हा पक्ष ने इसकी जानकारी मोनिका के घरवालों को दी तो वो यहां आए और उन्होंने मोनिका को समझाया. इसके बाद मोनिका शांत हो गई और दो दिन तक सभी के साथ मिलकर रही. 25 फरवरी की शाम को मोनिका ने परिवार के सभी सदस्यों के लिए खाना बनाया और सभी को खिलाया. दूल्हा सुनील ने बताया कि मोनिका ने उसको अपने हाथों से खाना खिलाया लेकिन खाना खाने के बाद सभी लोग गहरी नींद में सो गए.
सुनील ने बताया कि अगले दिन जब सुबह वह उठे तो मोनिका घर में नहीं थी.देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे जेवर भी गायब थे. उसकी चूड़ियां श्रृंगार दान पर रखी थी. पूरे घर में तलाश लेकिन मोनिका का पता नहीं चला. मेन दरवाजा भी खुला हुआ था जिसके बाद उसके भाग जाने का शक हुआ. सुनील ने इसकी जानकारी मोनिका के घरवालों को दी तो पता चला कि मोनिका का गांव के ही एक रिश्ते के चाचा के साथ अफेयर है. मोनिका शादी के लिए राजी नहीं थी. दो दिन तक मोनिका को तलाश किया गया लेकिन नहीं मिला तो इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत मिल गई है. जांच में पता चला है कि लड़की की शादी उसकी मर्जी से नहीं कराई गई है. उसका पता लग गया है. उसने खुद थाने आने की बात कही है. जल्द ही दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी.