आगरालीक्स….तेजी से फैल रही है पाइल्स की बीमारी. लोगों के छुपाने के कारण यह हो जाती है और घातक. जरूरी जानकारी और बचाव के टिप्स दे रहे हैं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. करण आर रावत
बवासीर की बीमारी तेजी से फैल रही
सिविल लाइंस स्थित सेफ सर्जरी सेंटर के डायरेक्टर और लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. करण आर रावत ने बताया कि पाइल्स यानि बवासीर की बीमारी तेजी से फैल रही है। लोग इस बीमारी के बारे में बताते कम, छुपाते ज्यादा हैं, यही कारण है कि ये घातक रूप धारण कर लेती है, इसके बाद इसका इलाज मात्र ऑपरेशन ही होता है। एक बार ऑपरेशन कराने के बाद भी ये बीमारी पूरी तरह सही हो जाए, इसकी कोई गारंटी नहीं है। जिसके चलते इस बीमारी का मात्र एक ही बचाव है, परहेज। यदि इस बीमारी को पास नहीं भटकना देना चाहते हैं, तो कुछ जरूरी टिप्स हैं, जिनसे इस बीमारी से बचा ही नहीं जा सकता, बल्कि जो इस बीमारी से जूझ रहे हैं, वो भी राहत पा सकते हैं।

जीवनशैली में करें परिवर्तन
डॉ. करण आर रावत ने बताया कि आज जीवनशैली बदलती जा रही है, जिसमें लोगों द्वारा खाने पीने का कोई समय निर्धारित नहीं किया गया है। सुबह का नाश्ता दोपहर में, दोपहर का खाना शाम को और शाम का खाना रात को खा रहे हैं और सुबह से ये रुटीन फिर चालू हो जाता है। ऐसे में खाना पचने का समय नहीं मिलता है, जिससे कब्ज की शिकायत बढ़ जाती है। इससे 30 से 35 साल की उम्र में ही पाइल्स की समस्या होने लगती है। इस बीमारी को गंभीरता से नहीं लेने पर या संकोचवश डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए मरीज नहीं पहुंचते हैं, जिससे यह समस्या और भी बढ़ जाती है।
असहनीय होता है दर्द
डॉ. करण आर रावत ने बताया कि इस बीमारी से पीड़ित मरीज को सुबह फ्रेश (शौच जाने) होने के साथ रक्तस्राव और असहनीय दर्द होता है। इससे लोगों का काम भी प्रभावित हो रहा है। डॉ. करण आर रावत ने बताया कि 20 से 50 साल की उम्र में पाइल्स की समस्या बढ़ी है। एक अनुमान के तहत 50 साल की उम्र के हर दूसरे व्यक्ति को पाइल्स की समस्या है। ग्रेड वन के मरीजों में दवा और इंजेक्शन से इलाज संभव है। इसके लिए मरीज को हॉस्पिटल से दो घंटे बाद छुट्टी दे दी जाती है। पाइल्स के ग्रेड तीन और चार के मरीजों में ऑपरेशन किया जाता है।
ऑपरेशन के बाद भी रहें सावधान
डॉ. करण आर रावत ने बताया कि ऑपरेशन के बाद भी सावधान रहने की जरूरत है। रोजाना 12 से 14 गिलास पानी पीएं। दिन में आधा किलो फल खाएं, इसमें पपीता, सेब और जामुन को शामिल करें बाजार का खाना और फास्ट फूड का सेवन करने से बचें। बैठने का काम है, तो हर दो घंटे बाद टहलें। टाइट कपड़े ना पहने। कई घंटे खड़े रहने पर भी पाइल्स की आशंका बढ़ जाती है। कब्ज ना होने दें, ज्यादा देर तक शौचालय में ना बैठें।