आगरालीक्स.. आयकर विभाग की आगरा में अभी तक की यूपी की सबसे बडी कार्रवाई, सोने चांदी के थोक के तीन कारोबारियों के 31 ठिकानों पर छापे, 300 से ज्यादा आयकर अधिकारी 18 घंटे से सर्च में जुटे हुए हैं। 31 प्रतिष्ठानों में से आगरा, मथुरा, दिल्ली और मुंबई सहित 24 जगह पर सर्च और सात जगह पर सर्वे की कार्रवाई चल रही है। आयकर विभाग को करोडों की अघोषित आय मिलने का अनुमान है।
प्रधान आयकर निदेशक जांच अमरेंद्र कुमार के निर्देशन में और संयुक्त निदेशक जांच तरुण कुशवाह की निगरानी में 31 टीमों ने गुरुवार सुबह आठ बजे एक साथ आगरा में बुलियन कारोबारी सुशील चौहान, अजय अवागढ़ और मथुरा के नीरज अग्रवाल (आरएस बुलियन) की फर्मों पर छापे मारे। आगरा में चौबे जी का फाटक, मोती कटरा स्थित आवास मथुरा में आरएस बुलियन के प्रतिष्ठान, इन फर्मों के मुंबई और दिल्ली के प्रतिष्ठानों पर सर्च और सर्वे की कार्रवाई चल रही है।
नोटबंदी के दौरान 123 करोड का कागजों में बेच दिया सोना
आयकर विभाग की टीम ने सर्च की कार्रवाई से पहले नोटबंदी के दौरान खरीद बिक्री के रिकॉर्ड चेक किए, टीम के होश उड गए, इन तीनों समूहों ने 123 करोड़ रुपये का सोना नोटबंदी के दौरान नगद बिक्री में दिखाया था। इन तीनों फर्मों ने सोने की बिक्री जिस फर्म को बिक्री दिखाई गई, वो 2012 में ही बंद हो चुकी थी।
आयकर विभाग सूत्रों के मुताबिक हाल में पकड़े गए सट्टेबाज श्याम बोहरा के साथ कई सराफों के संबंध होने के कागजात मिले हैं। बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नगदी भी आयकर विभाग ने बरामद की है, जिसे जब्त करने के बाद रखने के लिए स्टेट बैंक समेत कई बैंकों के स्ट्रांग रूम की व्यवस्था की जा रही है।