आगरालीक्स…टी20 विश्व कप से बाहर हुई भारतीय महिला क्रिकेट टीम. सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया ने पांच रन से हराया. रोमांचक हुआ मुकाबला
साउथ अफ्रीका में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में आज भारतीय क्रिकेट टीम को आस्ट्रेलिया ने पांच रन से हरा दिया. इसी के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई और आस्ट्रेलिया एक बार फिर से फाइनल में पहुंच गई. केपटाउन में खेले गए इस पहले सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की. आस्ट्रेलिया ने शानदार शुरुआत की. बीच के ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने कुछ विकेट निकाले लेकिन बेकार फील्डिंग के कारण आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 172 रन बना लिए और भारत को एक मजबूत टारगेट दिया.

जवाब में खेलने उतरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शुरुआत काफी खराब रही और पारी के दूसरे ओवर में ही शैफाली वर्मा 10 रन बनाकर आउट हो गईं. 25 रन के स्कोर पर स्मृति मंधाना भी चलती बनीं और अगले ओवर में यास्तिका भाटिया को भी आस्ट्रेलिया ने आउट कर दिया. लेकिन इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा ने पारी को संभाला और आक्रामक खेलना शुरू कर दिया. भारत ने पहले 10 ओवर में तीन विकेट खोकर 93 रन बनाए लेकिन अगले ओवर की दूसरी गेंद पर जेमिमा कैच आउट हो गईं. उन्होंने 43 रन की पारी खेली. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इसके बाद भी कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन वो रन आउट हो गईं. इसके बाद रिचा घोष भी चलती बनीं. भारत को अंतिम दो ओवर में जीतने के लिए 20 रन की जरूरत थी लेकिन भारत 14 रन ही बना सकी और 5 रन से हारकर टूर्नामेंट से टीम बाहर हो गई.