नईदिल्लीलीक्स (29 July 2021)… कभी भाजपा विधायक को गिरफ्तार कर सुर्खियों में रहीं इस आईपीएस ने अब वृंदावन धाम में रहने और मीरा बनकर श्रीकृष्ण की सेवा करने को वीआरएस मांगा है।
अंबाला रेंज की हैं आईजी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएस बनकर देश की सेवा की। खूब सरकारी तामझाम देखा। अपराधियों पर नकेल कसी तो भाजपा विधायक को पकड़ कर सुर्खियां भी बटोरीं। लेकिन अब कोई इच्छा नहीं है। न सरकारी तामझाम चाहिए। न हूटर बजाती गाड़ियां। आगे—पीछे कोई काफिला चले, इसकी भी अब चाहत नहीं है। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी भारती अरोड़ा अब श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होना चाहती हैं। शेष जीवन में श्रीकृष्ण की आराधना करना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने वीआरएस स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया है। हरियाणा की इस वरिष्ठ आईपीएस अफसर ने डीजीपी के माध्यम से मुख्य सचिव को आवेदन भेजा है। वर्तमान में वह अंबाला रेंज की आईजी हैं।
ये कहा है पत्र में
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सीनियर आईपीएस भारती अरोड़ा ने कहा, अब मैं जीवन के अंतिम लक्ष्य को पाना चाहती हूं। गुरुनानक देव, तुलसीदास, सूरदास, चैतन्य महाप्रभु, मीरबाई जैसे संतों के दिखाए मार्ग पर चलना चाहती हूं। अब अपना बचा हुआ जीवन श्रीकृष्ण की प्रेमपूर्ण भक्ति में समर्पित करना चाहती हूं।
तत्कालीन भाजपा विधायक को किया था गिरफ्तार
1998 बैच की आईपीएस अफसर भारती अरोड़ा ने उस समय सुर्खियों में आईं, जब 2009 में उन्होंने अंबाला के एसपी के रूप में तब के भाजपा विधायक अनिल विज को गिरफ्तार किया था। अभी वर्तमान में अनिल विज राज्य सरकार में मंत्री हैं। 2007 में समझौता एक्सप्रेस ट्रेन विस्फोट के बाद उन्होंने एसपी रेलवे के रूप में काम संभाला था।
बता दें कि वह 1998 बैच की आईपीएस हैं।