आगरालीक्स …आगरा की दोनों सीटों के लिए सबसे ज्यादा नामांकन दो दिन होंगे, प्रत्याशियों ने शुभ मुहूर्त निकलवा लिया है, 39 नामांकन पत्र बिके हैं।
गुरुवार से आगरा लोकसभा के नामांकन एडीएम सिटी कोर्ट और फतेहपुरसीकरी के डीएम कोर्ट में शुरू हुए। फतेहपुरसीकरी लोस सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी फातिमा ने नामांकन पत्र खरीदा। 3.05 बजे डीएम कोर्ट में कई प्रत्याशी पर्चा खरीदने पहुंचे। सहायक रिटर्निग अधिकारी अभिषेक सिंह ने समय खत्म होने की बात कह पर्चा देने से इन्कार कर दिया। आगरा लोकसभा सीट में 14 और फतेहपुरसीकरी में 25 नामांकन पत्र (कुल 39) बिके।
दो दिन नहीं होगा नामांकन
होली के अवकाश के चलते बुधवार और गुरुवार को नामांकन नहीं होंगे।
ज्योतिषाचार्य के अनुसार 22 मार्च और 25 मार्च को नामांकन का शुभ मुहूर्त है। 22 मार्च को हस्त नक्षत्र व द्वितीय तिथि है। सुबह 11 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक और दोपहर साढ़े 12 से ढाई बजे तक सबसे अच्छा समय है। इसी तरह से 25 मार्च को विशाखा नक्षत्र व पंचम तिथि है। दोपहर 12 से एक बजे तक और दो से ढाई बजे तक सबसे अच्छा समय है।