आगरालीक्स …आगरा में 24 घंटे बाद लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन होने लगेगा, अभी पार्टियों ने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। भाजपा के प्रत्याशियों को लेकर तमाम तरह ही अटकलें लगाई जा रही हैं। बसपा और कांग्रेस का भी यही हाल है।
आगरा व फतेहपुर सीकरी सीट पर लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 18 अप्रैल को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन 19 से 26 मार्च तक, 27 मार्च को नामांकन की जांच और 29 मार्च को नाम वापसी होगी। कलक्ट्रेट परिसर में डीएम कोर्ट कक्ष में फतेहपुर सीकरी और एडीएम कोर्ट कक्ष में आगरा के लिए नामांकन होंगे। आगरा लोकसभा के रिटर्निग अधिकारी (आरओ) सीडीओ रविंद्र कुमार और फतेहपुर सीकरी के डीएम एनजी रवि कुमार हैं। उनके सहयोग को पांच-पांच एआरओ भी हैं। नामांकन प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। नामांकन कक्ष के साथ ही कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। कलक्ट्रेट में डीएम व एडीएम कोर्ट पर बैरीकेडिंग कर दी गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की जाएगी। एडीएम सिटी केपी सिंह ने आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, फ्लाइंग स्कवायड व स्टेटिक सर्विलांस टीमें बनाने की जानकारी दी।
200 मीटर दूर खड़े होंगे वाहन
कलक्ट्रेट पर नामांकन प्रक्रिया के लिए पहुंचने वाले प्रत्याशियों को अपने वाहन 200 मीटर पहले खड़े करने होंगे। इसके लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा उचित इंतजाम किए जा रहे हैं। नामांकन के लिए मान्यता प्राप्त दल के प्रत्याशी के साथ पांच लोगों (प्रत्याशी, प्रस्तावक व तीन अन्य) को ही प्रवेश मिलेगा। जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के साथ 10 प्रस्तावक जा सकेंगे। नामांकन कक्ष में निर्दलीय के साथ पांच लोग पहले जाएंगे और बाकी पांच लोगों को बाद में भेजा जाएगा।