आगरालीक्स… पीएम मोदी से लेकर सीएम अखिलेश गधे की बात कर रहे हैं, ऐसे में आगरा में गधे की शोभायात्रा निकालकर आरती उतारी गई। रविवार को गंगादेवी विद्या मंदिर, रामबाग से महामूर्ख सम्मेलन की शुरूआत हुई, ढ़ोल- नगाड़ों के साथ गधे की शोभायात्रा निकाली गई, शोभायात्रा में आगे गधा और पीछे लोग चल रहे थे। शोभायात्रा गंगादेवी विद्या मंदिर पर समाप्त हुई। इसके बाद गदर्भ पूजा हुई। मूर्ख अतिथि सीए नीतेश कुमार गुप्ता ने गधे को उपले की माला पहनाई। चंदन-रोली का तिलक कर आरती गाई गई। काव-काव कर स्वागत किया गया। मूर्खानंद विवि ने डॉ. राघवेन्द्र शर्मा को मूर्खाधिराज, काव्यकला भगत में गोकलेश को मूर्ख शिरोमणि, नाट्य में अनिल जैन को मूर्खमणि रत्न, रघुनाथ रघुवंशी को काक शिरोमणि, चित्रकला में डॉ. रेखा कक्कड़ को मूर्ख क्वीन की उपाधि दी गई। उपाधि धारकों को संस्था की मूर्ख मंडली ने अंगवस्त्र गर्दभ कलगीयुक्त टोप, फल-फूल गुलरी की माला, स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
Leave a comment