आगरालीक्स… आगरालीक्स आगरा में मंदिर में युवक ने पडोस में रहने वाली छात्रा को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली, इससे युवक की मौत हो गई, युवक कंपाउंडर था।
एत्मादपुर के धौर्रा में शेर सिंह आगरा के कमला नगर स्थित वंदना नर्सिंग होम में कंपाउडर था। युवती पास के ही एक पब्लिक स्कूल से 11 वीं कर रही है। पड़ोस के लोगों का कहना है कि शेर सिंह उस पर काफी दिनों से शादी के लिए दबाव बना रहा था। वह इंकार किए जा रही थी। इस बीच शेर सिंह ने दोस्तों से कह दिया था कि वह उससे शादी करके रहेगा, चाहें कुछ भी करना पड़े। वह आते जाते उसका पीछा करता था।
बुधवार दोपहर 12 बजे वह घर के पास ही मंदिर में गई थी। वहां परिक्रमा कर रही थी। तभी शेर सिंह पहुंच गया। युवती ने बताया कि उसने उससे शादी के लिए कहा। बोला, यहीं मंदिर में अभी शादी करनी है, अगर मना किया तो अच्छा नहीं होगा। बकौल युवती, उसने इंकार कर दिया। इसी पर उसने तमंचा निकाला। पहले उसे गोली मारी और फिर खुद को। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने बताया कि युवती बरामदे में घायल पड़ी थी।
शेर सिंह लहुलुहान था और दीवार का सहारा लेकर चल रहा था। थोड़ी देर में दोनों के परिवारीजन भी पहुंच गए। शेर सिंह के परिवार वाले उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। युवती को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। थोड़ी देर बाद ही शेर सिंह की मौत हो गई। सीओ एत्मादपुर सुरेश चंद्र ने बताया कि मौकेपर तमंचा और कारतूस मिले हैं। युवती के पिता ने शेर सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। उनका कहना है कि वह एक साल से उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। समाज के लोगों की पंचायत करके भी उसे समझाया जा चुका था लेकिन वह माना नहीं।
Leave a comment