मथुरालीक्स…मथुरा में तीन मासूम बच्चों को मारने के बाद पत्नी की हत्या कर एक घंटे तक सुसाइड नोट लिखा, वीडियो बनाया फिर करंट लगाकर कर ली सुसाइड…दिल दहला देने वाली घटना से हर कोई सन्न
आगरा मंडल के मथुरा जिले में दिल दहला देने वाली घटना हुई है. थाना महावन के गांव खप्परपुर में एक पूरे परिवार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. मरने वालों में पति—पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे हैं. प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है क्योंकि पुलिस को यहां एक कागज और दीवार पर सुसाइड नोट लिखा हुआ मिला है तो वहीं मरने से पहले युवक द्वारा वीडियो भी बनाया गया है जिसमें वह कह रहा है कि मैंने और मेरी पत्नी खुद मरे हैं. हालांकि पुलिस इस सामूहिक मौत के मामले में हत्या और तंत्र विद्या के एंगल पर भी जांच कर रही है.पांचों के शव पड़े मिले
खप्परपुर में 30 साल के मनीष अपनी पत्नी सीमा और पांच साल की बेटी हनी, चार साल की बेटी प्रियांशी और दो साल के बेटे पंकज के साथ रह रहे थे. मनीष के घर के बगल में ही परिवार के अन्य सदस्यों के घर हैं. मनीष खेती करते थे. सोमवार रात को पूरा परिवार एक साथ सोया था, सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे और गेट खोला. अंदर का नजारा विचलित करने वाला था. बेट पर सीमा और एक बेटी व बेटे का शव पड़ा हुआ था तो वहीं दूसरी चारपाई पर बेटी मृत अवस्था में थी. मनीष का शव फर्श पर पड़ा हुआ था. एक साथ पांच लोगों की मौत की सूचना पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. जांच टीम को भी बुलाया गया.
पुलिस ने अंदर पहुंचकर जांच की तो दीवार पर एक सुसाइड नोट लिखा मिला. इसमें लिखा है कि मैं और सीमा अपनी मर्जीसे मरे हैं, पुलिस किसी को परेशा न करें. वहीं एक पर्ची पर भी यही लिखा सुसाइड नोट मिला है. पुलिस ने मनीष का मोबाइल देखा तो उसमें 48 सेकंड का एक वीडियो भी मिला है जिसमें उसने आत्महत्या की बात कही है. परिजनों ने बताया कि मनीष किसानी करता था. उसकी शादी सादाबाद के मढ़नई गांव में हुई थी.
फिलहाल ये आया जांच में
पुलिस की प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि मनीष ने पहले पत्नी का सिर कुचल कर हत्या की और इसके बाद सोते हुए तीनों बच्चों का गला दबा दिया. अंत में मनीष ने करंट से आत्महत्या कर ली. पुलिस फिलहाल सभी एंगल से जांच कर रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.