मथुरालीक्स…बरसाना में होली को लेकर पुलिस की सख्त गाइडलाइन. रंग की आड़ में हुड़दंग किया तो सीधे जाएंगे जेल
ब्रज में 24 फरवरी से रंगोत्सव की शुरुआत हो रही है. 24 फरवरी को बरसाना में लड्डू होली खेली जाएगी तो अगले दिन 25 फरवरी को विश्व प्रसिद्ध लठामार होली खेली जाएगी. होली के इन बड़े आयोजनों को लेकर देश के कोने—कोने से श्रद्धालु बरसाना पहुंच रहे हैं. वहीं पुलिस द्वारा यहां पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. अब पुलिस ने होली की आड़ में हुड़दंग करने वालों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है.पुलिस ने प्रतीक चिन्ह के साथ लगाए गए बोर्ड पर साफ लिखा है कि होली की आड़ में हुड़दंग बर्दाश्त नहीं होगा. महिलाओं से छेड़छाड़ अपराध है और बिना सहमति और बिना अनुमति रंग लगाना दंडनीय अपराध है. अभद्र टिप्पणी और बदसलूकी पर भी सीधी कार्रवाई होगी. पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि होली पर हुड़दंग करते मिले तो सीधे जेल भेजे जाएंगे.
गलियों और प्रमुख चौराहों के साथ मंदिर मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. हुरियारों के वेश में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे तो वहीं ड्रोन से भी सुरक्षा मजबूत की जाएगी.