आगरालीक्स…आगरा में फुटवियर उद्योग का सबसे बड़ा आयोजन ‘मीट एट आगरा’ का 18वां संस्करण 3 अक्टूबर से हो रहा शुरू. इस बार ऐतिहासिक होगा आयेाजन. तैयारियां तेज.
फुटवियर उद्योग के प्रतिष्ठित आयोजन ‘मीट एट आगरा–2026’ के 18वें संस्करण, जो 3, 4 एवं 5 अक्टूबर 2026 को आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित होने जा रहा है, की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन की प्रगति को लेकर एफमैक की बैठक में फेयर से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं, देश-विदेश से होने वाली भागीदारी और उद्योग जगत को व्यापक स्तर पर आयोजन से जोड़ने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ की गूंज आज देश ही नहीं, विदेशों में भी महसूस की जा रही है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय भागीदारी फेयर का विशेष आकर्षण होगी। चीन की आठ कंपनियों ने फुटवियर कंपोनेंट्स, मशीनरी एवं अन्य मटेरियल के साथ प्रदर्शनी में भाग लेने में रुचि दिखाई है। इसके अलावा भारत सहित अन्य देशों की अनेक कंपनियों की भागीदारी से इस बार फेयर पहले से अधिक व्यापक और भव्य स्वरूप लेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में एफमैक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा ने आगरा फुटवियर इंडस्ट्री के हितों को ध्यान में रखते हुए उद्योग को एक सशक्त व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मीट एट आगरा’ की शुरुआत की थी।
डीसीएफएलआई के चेयरमैन एवं एफमैक के पूर्व अध्यक्ष पूरन डावर ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल में ‘मीट एट आगरा’ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब अध्यक्ष गोपाल गुप्ता के नेतृत्व में एफमैक कार्यकारिणी इसके 18वें संस्करण को और प्रभावशाली बनाने में जुटी है। आयोजन की सफलता के लिए केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से लगातार शुभकामना संदेश भी प्राप्त हो रहे हैं।
इस वर्ष एफमैक ने घरेलू फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और डीलर्स की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। उद्देश्य है कि घरेलू बाजार से जुड़े उद्यमी भी एक ही मंच पर नवीनतम कंपोनेंट्स, मटेरियल, मशीनरी और तकनीक को देखें, अपनी जरूरत के अनुरूप नए समाधान तलाशें तथा अपने उत्पाद एवं उत्पादन प्रक्रिया को अपग्रेड करें। साथ ही एफमैक की ओर से सभी फैक्ट्रियों के मालिकों से परचेज टीम के साथ फेयर में आने की अपील।
इस पहल को विभिन्न फुटवियर संगठनों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, एफएएफएम के अध्यक्ष संचित मुंजाल एवं चेयरमैन कुलदीप कोहली तथा सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर सिंह ‘लवली’ ने आश्वस्त किया है कि उनके संगठनों से जुड़े सदस्य बड़ी संख्या में ‘मीट एट आगरा–2026’ में सहभागिता कर इस औद्योगिक मंच का लाभ उठाएंगे।
परचेज टीम के साथ फेयर में आने अपील की, बैठक में उपाध्यक्ष राजीव वासन एवं राजेश सहगल, महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनुरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा एवं माला खेड़ा, सुनील मनचंदा, कुलदीप गुजराल विशेष रूप से मौजूद रहे।