National book fair & festival in Agra from 11 October 2019
आगरालीक्स …आगरा में राष्ट्रीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। साहित्य उत्सव के तहत 11 से 20 अक्टूबर तक आगरा कालेज मैदान पर राष्ट्रीय पुस्तक मेले का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के शीर्ष पुस्तक प्रकाशक भी एकत्र होंगे। साहित्य उत्सव के दौरान प्रतिदिन सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक,शैक्षिक और सामयिक समस्याओं पर गंभीर चिन्तन के लिए संगोष्ठियों का भी आय़ोजन होगा। प्रत्येक संध्या काल में देश के प्रख्यात कलाकारों द्वारा अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
यह जानकारी आगरा साहित्य उत्सव न्यास एवं आगरा लिटरेचर क्लब के पदाधिकारियों ने गुरूवार को स्थानीय होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। प्रबन्ध न्यासी डा. अमी आधार निडर एवं क्लब की अध्यक्ष डा. नीतू चौधरी एवं महामन्त्री दीपक सरीन ने बताया कि समाज में साहित्य और संस्कृति के प्रति जागरूकता लाने और युवा पीढ़ी को संचार तकनीकी के इस युग में भी पुस्तकों की उपयोगिता से परिचित कराने के उदेश्य से यह दस दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव युवा पीढ़ी में पुस्तक संस्कृति के बीजारोपण के साथ ही उन्हें भारतीय साहित्य और संस्कृति की विशिष्टताओं के साथ जोड़ने का भी प्रयास करेगा।
आयोजकों ने बताया कि दस दिवसीय उत्सव में आगरा की सभी साहित्यिक संस्थाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा। सभी इच्छुक संस्थाओं को दोपहर के सत्र में साहित्यिक आयोजनों के लिए निर्धारित समय अवधि हेतु मुख्य मंच उपलब्ध कराया जाएगा। उत्सव में मुख्य मंच के अलावा पुस्तक मेले में आथर्स कार्नर पर भी देश के प्रसिद्ध लेखक अपनी कृतियों के साथ पाठकों से नियमित संवाद करेंगे। इसी स्थान पर स्थानीय रचनाकारों की पुस्तकों का लोकार्पण-विमोचन भी किया जा सकेगा।
समारोह के मीडिया पार्टनर आकाशवाणी आगरा केन्द्र के प्रभारी नीरज जैन ने बताया कि आगरा आकाशवाणी केन्द्र पूरे आयोजन का प्रतिदिन का समाचार वृत्त नियमित रूप से प्रसारित करेगा और उसे सभी गूगल प्ले स्टोर से न्यूजआनएअर एप के माध्यम से पूरे विश्व में कहीं भी सुन सकते हैं। राखी प्रकाशन के पीयूष भार्गव ने बताया कि देश के सभी प्रमुख प्रकाशकों की सहमति मिलने से यह पुस्तक मेला और साहित्य उत्सव साहित्य प्रेमियों के लिए अदभुत सौगात सिद्ध होगा। उन्होंने स्थानीय प्रकाशकों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की।
आगरा प्रोग्रेसिव स्कूल एसोसियेशन (अप्सा) के अध्यक्ष श्री सुशील गुप्ता और महामन्त्री डा. गिरधर शर्मा ने बताया कि अप्सा के सभी विद्यालयों के छात्रों को पुस्तकों के इस अनूठे मेले से जोड़ने का पूरा प्रयास होगा। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में भावी पीढ़ी को साहित्य, संस्कृति और संस्कारों के साथ जोड़ने की मुहिम को अनवरत चलाना होगा। आगरा साहित्य उत्सव इस दिशा में एक सकारात्मक पहल है और अप्सा के सभी स्कूलों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक इस उत्सव में सक्रियता से भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्कूलों द्वारा आयोजन में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
इस अवसर आयोजन के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से पोस्टर और ब्रोशर का भी लोकार्पण किया गया। लोकार्पण एवं प्रेसवार्ता में आगरा साहित्य उत्सव न्यास की ओर से श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव एडवोकेट, डा. अरूणा गुप्ता, डा. महेश भार्गव, आगरा लिटरेचर क्लब कार्यसमिति सदस्य डा. पीयूष जैन, कांची सिंघल, पूनम जाकिर, डा. रचना सिंह रश्मि, डा. शैलेन्द्र नरवार, डा. दीपा गोस्वामी, डा. मधु भारद्वाज, सर्वज्ञशेखर गुप्ता आदि उपस्थित थे।