नईदिल्लीलीक्स… पश्चिमी बंगाल में पेट्रोलपंपों से पीएम मोदी की तस्वीरें हटाने के निर्देश। अयोध्या में राममंदिर से सटी और जमीन खरीदी। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
पुलिस मुठभेड़ में दो शार्पशूटर ढेर
प्रयागराज में एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो बदमाश वकील पांडे उर्फ राजू पांडे और अमजद और पिंटू मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि यह दोनों मुन्ना बजरंगी, मुख्तार अंसारी गैंग के थे, लेकिन बीते कुछ दिनों से दिलीप मिश्रा के लिए काम करते थे। पुलिस के मुताबिक वकील पांडे पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इन दोनों ने रांच के होटवाल जेल के जेल अधिकारी की हत्या की सुपारी ली थी। प्रयागराज में भी किसी प्रभावशाली व्यक्ति की हत्या की साजिश थी।
पश्चिमी बंगाल में पेट्रोल पंपों से हटेंगी मोदी की तस्वीरें
तृणमूल कांग्रेस की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने पश्चिमी बंगाल के पेट्रोल पंप डीलरों से कहा है कि वह पेट्रोल पंप परिसर के केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देने वाले ऐसे सभी पोस्टर हटाएं, जिन पर पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर है। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिकों से 72 घंटे के अंदर केंद्र सरकार की योजनाओं वाले सभी वह पोस्टर हटाएं, जिस पर प्रधानमंत्री की तस्वीर है। पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी का कहना है कि राज्य में चुनावों की तारीखों की घोषणा के बाद 26 जनवरी से ही आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे सभी होर्डिंग-बैनर आचार संहिता का उल्लंघन हैं।
राममंदिर से सटी जमीन खरीदी
रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राममंदिर परिसर को 70 एक़ड़ परिसर से बढ़ाकर 170 एकड़ करना चाहता है। स्थानीय अखबारों के मुताबिक 7,285 वर्गफीट जमीन एक स्थानीय वाशिंदे से खऱीदी है, जिसे इस जमीन के लिए एक करो़ड़ रुपये का भुगतान किया गया है। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए मंदिर की प्रस्तावित जमीन के पास कुछ और जमीन खरीदे जाने की जरूरत है।
अमेरिकी संसद के निचले सदन का सत्र रद्द
अमेरिकी संसद के निचला सदन यानि हाउस ऑफ रिप्रेंटेटिव्स के निर्धारित सत्र को रद्द कर दिया गया है। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कोई स्थानीय आक्रामक समूह गुरुवार को एक बार फिर अमेरिकी संसद में घुसने की कोशिश कर सकता है। इस चेतावनी के बाद केपिटल बिल्डिंग के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जहां गुरुवार को हाउस ऑफ रिप्रेंटेटिव्स का सत्र रद्द किया गया है, वहीं सीनेट ने राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा पेश किए गए 1.9 ट्रिलियन डालर के कोविड-19 राहत बिल पर बहस कराने का निर्णय लिया है।