आगरालीक्स… राजस्थान के पोखरण में युद्धाभ्यास के दौरान शहीद हुए सेना के जवान सतीश चाहर का शव गुरुवार को उसके पैतृक गांव अकोला लाया गया यहां जांबाज सतीश को नम आंखों से पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
कागारौल के गांव अकोला निवासी सतीश चाहर बीएसएफ का जवान था। वर्तमान में उसकी पोखरण में तैनाती थी। बीएसएफ का गत दिनों पोखरण में युद्धाभ्यास चल रहा था, जिसमें सतीश भी भाग ले रहा था। युद्धाभ्यास के दौरान एक तोप की बैरल अचानक फट गई, जिसमें सतीश समेत चार जवान घायल हो गए। सेना के अधिकारी घायल जवानों को लेकर सेना के अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया। सैन्य अधिकारियों द्वारा सतीश की खबर गांव अकोला में दिए जाने के बाद से ही मातम पसरा हुआ था।
सुबह से ही अंतिम दर्शन को लगी भीड़
आज सुबह सेना के जवान सतीश का शव लेकर गांव में आए तो गांव के लोगों का हुजूम उसके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा। आसपाक के गांवों के लोगों के साथ पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक दलों के लोगों ने जांबाज सतीश के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सेना के जवानों द्वारा उसे पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ सलामी दी और मुखाग्नि दी गई तो लोगों की आंखें नम हो गईं।