आगरालीक्स.. आगरा के एक छोटे से गांव के फूलसिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी से पूछा कि आप बुजुर्गों के लिए क्या कर रहे हैं, इस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने सीनियर सिटीजन के लिए स्वास्थ्य योजना सहित अन्य योजनाओं की एक एक कर जानकारी दी। पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को आगरा के सूरसदन सहित देश के चार शहरों में वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से कार्यकर्ता और आम लोगों से बात की, उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने आगरा के साथ धौलपुर, दमोह, रायपुर और मैसूर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।
पीएम मोदी से कार्यकर्ता श्याम सुंदर ने अन्य पार्टियों के गठबंधन पर सवाल किया। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि इससे डरने की जरूरत नहीं है। ये लोग देश सेवा के लिए साथ नहीं आए हैं। ये दल हित के साथ जुड़े हैं। कहा कि गठबंधन के एक नेता ने कहा था कि केंद्र में मजबूत नहीं मजबूर सरकार चाहिए। फिर पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से प्रश्न पूछने के लहजे में कहा कि ये मजबूर सरकार क्यों चाहते हैं?

पीएम मोदी ने इसका जवाब भी स्वयं ही दिया। उन्होंने कहा कि मतलब साफ है, ये देश और जनता का हित नहीं चाहते हैं। ये पहले आपस में लड़ते हैं और फिर अपने मतलब के लिए एक हो जाते हैं।
कार्यकर्ताओं से कहा गणबंधन की चिंता ना करें
पिछले 30 वर्ष में हमने इनकी मजबूर सरकार का हश्र देखा है। देश को क्या मिला है। पीएम ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि गठबंधन की चिंता करने की जरूरत नहीं है। ये गठबंधन जनता के कल्याण के लिए नहीं बल्कि मोदी को हटाने के लिए किया जा रहा है।
पूछे सवाल
गांव रूपधनू के फूलसिंह ने सीनियर सिटीजन के लिए किए जा रहे कामों पर सवाल किया। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुजुर्गों के लिए चलाई जा रही एक-एक योजना को गिनाया। प्रधानमंत्री को अपने बीच पाकर कार्यकर्ता गदगद हो गए।