कानपुरलीक्स वीडियो देखें पुलिस ने सट्टेबाज व हवाला का गैंग पकड़ा, आगरा के बुकी अंकुश अग्रवाल भी गैंग के संपर्क में, दो करोड़ कैश, 62 किलो चांदी पकड़ी गई है। ( Police bust Bookie & Hawala Racket, Agra’s Ankush involve in gang, Video)
कानपुर की क्राइम ब्रांच ने गुरुवार रात को कलक्टरगंज के धनकुट्टी स्थित एक कोठी में छापा मारा। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के अनुसार, धनकुट्टी में एसबीआई के सामने वाली गली में स्थित दूसरी मंजिल पर ट्रेडिंग का आफिस है, इसी आफिस से प्रदेश भर में सट्टेबाजों के लिए हवाला का कारोबार संचालित होता था। पुलिस के छापे में मौके से बंसराज, शिवम त्रिपाठी, राहुल जैन, रमाकांत और सचिन गुप्ता को अरेस्ट किया है।
आगरा के बुकी अंकुश अग्रवाल से जुड़े तार
पुलिस के छापे से खलबली मच गई, पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह हवाला का कारोबार करने के साथ ही क्रिकेट बेटिंग एप में लोगों के सटटे के रुपये लगवाते थे। इनके संपर्क में आगरा का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बुकी अंकुश अग्रवाल भी था, अंकुश अग्रवाल पर गैंगस्टर एक्ट लग चुका है और उसकी आगरा के कमला नगर की संपत्ति भी कुर्क की जा चुकी है।
मशीन से रुपयों की गिनती
टीम को मौके से बड़ी मात्रा में कैश मिला है, कैश गिनने के लिए मशीन लानी पड़ी। टीम को मौके से दो करोड़ रुपये नकद मिले हैं, इनमें से 500 रुपये के नोटों की 1.80 करोड़ रुपये की गडडी मिली हैं। 20 लाख के नोट 200 और 100 रुपये के हैं। इसके साथ ही 61.84 करोड़ रुपये की चांदी और दो नेपाली नोट भी मिले हैं। पूछताछ में सामने आया है कि कैश ज्यादा होने पर ये चांदी और सोने में निवेश करते थे।