आगरालीक्स…जिसके एक फोन कॉल ने ताजमहल को करा दिया खाली..पूरे देश में फैला दी दहशत, पुलिस ने छोड़ा. जानिए क्या रही वजह…
निजी मुचकले पर छोड़ा
गुरुवार को ताजमहल पर बम की सूचना देने और ब्लास्ट की कहने वाले आरोपी को पुलिस ने छोड़ दिया है. पुलिस ने निजी मुचलके पर और हिदायत देकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरोपी विमल कुमार, जिसने 112 नंबर पर पुलिस को ताजमहल पर बम होने और जल्द ब्लास्ट की सूचना दी थी. इस सूचना से सुरक्षा अधिकारियों में हड़कंप मच गया था. एक घंटे के अंदर ताजमहल के अंदर घूम रहे पर्यटकों को एनाउंसमेंट से बाहर निकाला और सर्च आपरेशन चलाया. करीब साढ़े 11 बजे बम की पुष्टि न होने पर सुरक्षा अधिकारियों ने बम की सूचना देने वाले को ट्रैस किया तो वह कासगंज का रहने वाला विमल निकला. पुलिस ने उसे फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
परिजनों से भी की पूछताछ
ताजमहल पर बम की सूचना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया. तुरंत ही यह खबर नेशनल और इंटरनेशनल मीडिया की ब्रेकिंग बन गई. हालांकि बम की पुष्टि न होने पर यह खबर झूठी निकली. पुलिस ने आरोपी विमल को हिरासत में ले लिया और उससे कड़ी पूछताछ की. पुलिस ने उसके परिजनों से भी पूछताछ की. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि विमल पिछले करीब दस वर्षों से मानसिक रोगी था. इसका इलाज भी चल रहा है. पुलिस ने इसकी पुष्टि होने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया. बताया जाता है कि विमल का दिल्ली सहित कई शहरों में इलाज चला था. वह आगरा के शमसाबाद स्थित रामतेज अस्पताल में दवा लेने आया था. उसका इलाज विजय खुराना के यहां चल रहा है.