आगरालीक्स…आगरा में भगवान टाकिज, अब्बूलाला दरगाह, वाटर वर्क्स एवं रामबाग कट पर रोडवेज बसों को न रुकने की चेतावनी. डीएम ने जारी की गई सूचना. क्षेत्रीय प्रबंधक ने हाइवे पर किया निरीक्षण
आगरा में हाइवे पर रोडवेज बसों के रुकने के कारण लगने वाले जाम को रोकने के लिए प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सख्त आदेश अधिकारियों को दिए हैं. इसको लेकर आज शनिवार को जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए इसकी सूचना जारी की है. इस सूचना में चालकों को साफ कहा गया है कि कोई भी निगम बस प्रतिबन्धित स्थानों, भगवान टाकिज, अब्बूलाला दरगाह, वाटर वर्क्स एवं रामबाग कट नामक स्थान पर खड़ी पाई जाती है तो उसको सीज करने की कार्यवाही प्रशासन द्वारा की जायेगी. जिसकी जिम्मेदारी परिवहन निगम की होगी. आदेश के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ब्रह्मप्रकाश अग्रवाल द्वारा भगवान टॉकीज,अबूलाला दरगाह कट पर स्वयं मौके पर बस न रुकने का अनुपालन अनुश्रवण कराते हुए,साथ में सक्षेप्र ताज डिपो राजेश यादव मौजूद रहे.

प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह द्वारा जाम मुक्त यातायात व्यवस्था के लिए कठोर निर्देश जारी किए गए हैं. निर्देश दिये गये कि परिवहन निगम की बसें बस स्टेशन से ही यात्री चढायें व उतारें, आगरा शहर के प्रतिबन्धित स्थानों भगवान टाकिज, अब्बूलाला दरगाह, वाटर वर्क्स एवं रामबाग कट नामक स्थान पर बस न रोकें जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो. बताया गया कि इन स्थानों पर चालक / परिचालक द्वारा निगम बसें यात्रियों की प्रतीक्षा में खड़ी कर ली जाती है, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और यातायात बाधित हो जाता है.