आगरालीक्स ..आगरा में भाजपा विधायक के गनर और पुलिस कर्मी ने कारोबारी को कार सहित बंधक बनाकर 15 लाख की लूट की थी। पुलिस ने गनर को अरेस्ट कर लिया है, उसके साथी पुलिस कर्मी को अरेस्ट करने में पुलिस जुटी है।
आगरा में 14 जुलाई को बल्केश्वर स्थित न्यू आदर्श नगर निवासी सरसों के तेल एवं रिफाइंड के थोक कारोबारी चंदन गुप्ता रात दुकान से घर लौट रहे थे। लंगड़े की चौकी पर दो वर्दी वालों ने उनकी कार को रोक लिया। खुद को क्त्राइम ब्राच का बताते हुए उन पर गलत काम करने का आरोप लगाया। पूछताछ के लिए थाने चलने को कहा। पुलिसकर्मियों ने वाटर वर्क्स चौराहे से दो साथियों को कार में बैठा लिया। कारोबारी को हाथरस मार्ग पर एक घटे तक घुमाने के बाद 15 लाख रुपये लूटकर भाग गए थे। दुस्साहसिक घटना के पर्दाफाश में जुटी पुलिस को उक्त मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों से कुछ फुटेज मिले थे। सूत्रों के अनुसार दोनों पुलिसकर्मी आगरा ग्रामीण क्षेत्र के खंदौली थाना क्षेत्र से हैं। पड़ोसी जनपद में तैनात दोनों पुलिसकर्मियों में एक भाजपा विधायक का गनर है। विधायक के पास तीन गनर होने के चलते उन्हें पता नहीं चल सका। पुलिस ने बुधवार रात राहुल को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके साथी पुलिसकर्मी को दबोचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आगरा पुलिस पर लगा था दाग
चंदन गुप्ता को बंधक बनाकर 15 लाख की लूट के दौरान पुलिस कर्मियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का बताया था, इससे आगरा पुलिस पर दाग लगा था। एसएसपी अमित पाठक आगरा पुलिस की छवि सुधारने में लगे हैं, उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। कारोबारी से पूछताछ के बाद संदिग्ध पुलिस कर्मियों से भी पूछताछ की गई, इसी दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिल गए, इससे आरोपियों की पहचान हो गई।