आगरालीक्स…दुखद, आगरा के दो कांवड़ियों की कासगंज में एक्सीडेंट से मौत. डाक कांवड़ के लिए गया था आगरा से कांवड़ियों का जत्था. कार से टकराई बाइक. तीसरा शिवभक्त भी गंभीर घायल
आगरा के लिए दुखद खबर है. आगरा से डाक कांवड़ के लिए कांवड़ियों का एक जत्था कासगंज के सोरोंजी गया था. सभी लहरा गंगाघाट से जल लेने के लिए जा रहे थे. इनकी एक बाइक सोमवार सुबह काली नदी पुल के पास कार से जा टकराई. हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है. घायल को कासगंज के जिला अस्प्ताल से आगरा रेफर किया गया है.
आगरा से 30 कांवड़ियों का जत्था पिकअप वाहन और 10—12 बाइकों से सोरों की ओर आ रहा था. जत्थे से दो बाइक पीछे रह गई थीं. इनमें एक बाइक पर तीन कांवड़िए 25 वर्षीय हरगोविंद पुत्र महावीर निवासी बन्नावली थाना फतेहपुर सीकरी, 18 वर्षीय विवेक पुत्र सुंदर सिंह निवासी नोलक्खा थाना सदन और 20 वर्षीय राहुल पुत्र जगदीश निवासी सतनापुर थाना मिढ़ाकुर सवार थे.
काली नदी पुल के पास इनकी बाइक सामने से आ रही दूसरे कांवड़ियों के जत्थे की कार से टकरा गई. हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कासगंज ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने हरगोविंद और राहुल को मृत घोषित कर दिया. वहीं विवेक की हालत गंभीर है और उसे आगरा हायर सेंटर रफर किया गया है.