आगरालीक्स …कोरोना के चलते विद्यालय बंद होने के दौरान छात्रों से ट्यूशन फीस ही ली जाए, इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को उच्च न्यायालय कर्मचारी अधिकारी संघ लखनऊ ने पत्र लिखा है। लखनऊ से लेकर आगरा तक स्कूलों में फीस माफ करने, केवल ट्यूशन लेने की मांग की जा रही है।
उच्च न्यायालय कर्मचारी अधिकारी संघ लखनऊ के महासचिव सौरभ उपाध्याय का कहना है कि लॉक डाउन में स्कूल बंद हैं, इसके बाद भी अलग अलग माध्यम से अभिभावकों पर फीस जमा करने के लिए निरंतर संदेश भेजे जा रहे हैं।
स्कूल बंद हैं तो ट्यूशन शुल्क के अलावा अन्य शुल्क क्यों
स्कूल फीस में ट्यूशन फीस के साथ स्कूल बिल्डिंग फीस, कंप्यूटर फीस, डेवलेपमेंट फीस, स्टेशनरी फीस के साथ ही ट्रांसपोर्ट फीस भी चार्ज की जाती है। मगर, कोरोना के चलते स्कूल बंद हैं, ऐसे में ट्यूशन फीस के अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए।
मोबाइल से हो रही आनलाइन पढाई
स्कूलों द्वारा आनलाइन पढाई कराई जा रही है, यह मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से इंटरनेट की मदद से कराई जा रही है। इसका भी कोई खर्चा नहीं है, यह टीचर अपने स्तर से कर रहे हैं। ऐसे में ट्यूशन फीस ही ली जानी चाहिए, अतिरिक्त शुल्क ना लिए जाएं।
