आगरालीक्स…शरद पूर्णिमा कल, श्वेत वस्त्र और सोने चांदी के आभूषणों के श्रृंगार में मुरली बजाते हुए दर्शन देंगे ठाकुर जी. विशेष छवि के होंगे दर्शन
शरद पूर्णिमा सोमवार को है. यह पूर्णिमा यूं तो देशभर में मनाई जाती है लेकिन ब्रज और खासकर वृंदावन में इसका विशेष महत्व है. इस दिन वृंदावन के श्री ठाकुर बांकेबिहारी जी अपनी अलौकिक छवि के दर्शन भक्तों को देंगे. इस दिन ठाकुर जी श्वेत वस्त्र और स्वर्ण रजत आभूषणों से सजकर मुरली बजाते हुए भक्तों को दर्शन देंगे. माना जाता है कि शरद पूर्णिमा पर भगवान कृष्ण ने गोपियों संग महारास किया था इसलिए इस दिन का विशेष महत्व है. अन्य मंदिरों में भी ठाकुरजी चंद्रमा की धवल चांदनी में दर्शन देंगे.
महारास में जिस तरह भगवान श्रीकृष्ण ने पोशाक धारण कर मुरली बजाई, ठीक ऐसा ही भेष रखकर आज भी ठाकुर बांकेबिहारी शरद पूर्णिमा पर भक्तों को दर्शन देते हैं. वर्ष में एक ही दिन मुरली बजाते हुए ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन को भक्तों की भीड़ उमड़ेगी.