आगरालीक्स …आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने नेशनल एग्जिट एग्जाम के विरोध में मानव श्रृंखला बनाई। छात्रों ने कहा कि एमबीबीएस पास करने के लिए मेडिकल छात्र 16 एग्जाम देते हैं, फिर नेशनल एग्जिट एग्जाम क्यों क्या हमारे देश के प्रतिष्ठित चिकित्सकीय संस्थानों पर सरकार को भरोसा नहीं है। एक तरफ नेशनल एग्जिट एग्जाम अनिवार्य किए जा रहा है तो दूसरी तरफ विदेश से डिग्री लेकर आने वालों के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट भी समाप्त करने पर विचार चल रहा है। यह सवाल उठाते हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत बुधवार को एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिकल छात्रों ने मानव श्रृंखला बनाई। हाथों में पोस्टर लेकर एग्जिट एग्जाम का विरोश किया और कहा कि हमें पढाई करने दें, मेडिकल के क्षेत्र में राजनीति न करें। नेशनल एग्जिट एग्जाम के विरोध में पीएम नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन प्रधानाचार्य को सौंपा।
सुबह 11 बजे एसएन के मेडिकल छात्र लाइब्रेरी के सामने एकत्रित हुए। यहां सर्जरी बिल्डिंग से लेकर कॉलेज परिसर के गेट तक मेडिकल छात्रों ने मानव श्रृंखला बनाई। मेडिकल छात्रों ने नेशनल एग्जिट एग्जाम का विरोध किया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. आरएस कपूर ने बताया कि सरकार गलत निर्णय ले रही है। देश के संस्थानों में पढने वाले एमबीबीएस छात्रों के लिए नेशनल एग्जिट एग्जाम की अनिवार्यता की जा रही है। दोपहर एक बजे तक छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। कक्षाओं में नहीं गए और डयूटी भी नहीं की। जबकि विदेश के कॉलेजों से पढाई करके आने वाले मेडिकल छात्रों के प्रैक्टिस के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट था, इसे समाप्त करने पर विचार चल रहा है। मेडिकल छात्रों के साथ आईएमए भी इसका विरोध कर रहा है।
क्या है नेशनल एग्जिट एग्जाम
मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए केंद्र सरकार के प्रस्तावित नए नियम के तहत एमबीबीएस पास करने के बाद मेडिकल छात्रों को नेशनल एग्जिट एग्जाम पास करना होगा, तभी मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया उन्हें प्रैक्टिस करने का रजिस्ट्रेशन देगी, अन्यथा वे प्रैक्टिस करने से वंचित रह जाएंगे।
Leave a comment