आगरालीक्स…समाजवादी पार्टी ने कहा प्रतापगढ़ में हुई लोकतंत्र की हत्या. छह बूथों पर लगाए बूथ कैप्चरिंग के आरोप. आयोग से की कार्रवाई की मांग
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल ने रविवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश को ज्ञापन देकर जनपद प्रतापगढ़ में विधानसभा चुनावों में हिंसा, बूथ कैप्चरिंग और प्रशासनिक अव्यवस्था को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव के लिए चुनौती बताते हुए कठोर कार्यवाही की मांग की है। राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रतापगढ़ में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। समाजवादी पार्टी के पक्ष में मत देने वालों को मत देने से रोका जा रहा है। उन्हें मतदान स्थल तक भी नहीं जाने दिया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के समर्थकों को दबंगो द्वारा डराया धमकाया जा रहा है और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।

नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि जब गरीबों को वोट नहीं डालने दिया जाएगा तो स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान कैसे सम्भव हो सकेगा? समाजवादी पार्टी के ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद प्रतापगढ़ की विधान सभा क्षेत्र-246 कुण्डा के बूथ संख्या-367, 368, 156, 157, 158, 273 पर जनसत्ता दल के लोग बूथ कैप्चरिंग कर रहे है। उनकी दहशत पूरी विधान सभा क्षेत्र में है। वहां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी गुलशन यादव पर हमला किया गया है उनकी गाड़ी भी तोड़ दी गयी है यह लोकतंत्र पर हमला है।
जनपद प्रतापगढ़ की विधान सभा क्षेत्र-246 कुण्डा के जहानाबाद, समसपुर, शाजा, हथिगवां, खिदिरपुर, डीहा, नौबस्ता, परसीपुर, भदशिव परानुपुर, नरसिंहपुर, पहाड़पुर, जमेठी, बेंती, बनेमऊ, शाहवपुर, बछरौली, मलाका रजापुर, साहिबापुर समेत अनेको ग्राम सभाओं में जनसत्ता दल के प्रधानों व दबंगो द्वारा बूथ कैप्चरिंग की जा रही है। प्रशासन कोई कार्यवाही नही कर रहा है और मूकदर्शक बना है। यह एक गम्भीर प्रकरण है ऐसे में निष्पक्ष चुनाव सम्भव नहीं है। समाजवादी पार्टी की मांग है कि कृृपया तत्काल संज्ञान लेकर जनसत्ता दल के प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाये, जिससे लोकतंत्र विरोधियों को सबक मिल सके।