आगरालीक्स… आगरा में होने जा रहे सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेने के बाद प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि अधिवेशन में संस्थापक मुलायम सिंह यादव और शिवपाल आएंगे या नहीं, यह राष्ट्रीय अध्यक्ष बताएंगे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने पार्टी की नींव रखी है, हर कार्यकर्ता उनका सम्मान करता है।
आगरा के तारघर मैदान पर पांच नवंबर को सपा का राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है, इसकी तैयारियों की समीक्षा करने के लिए रविवार को प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल आगरा पहुंचे। उन्होंने सपा के संस्थापक मुलायम सिंह के अधिवेशन में आने के सवाल पर पत्रकारों से कहा कि यह राष्ट्रीय अध्यक्ष ही बताएंगे।
भाजपा धमका रही जिला पंचायत अध्यक्ष
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा सरकार पर जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। कहा है कि सदस्यों पर दबाव बनाकर या मुकदमों में फंसा कर जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख हटाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं। अखिलेश सरकार की डायल 100 व्यवस्था को भी चौपट कर दिया है। भाजपा सरकार में विकास का कोई नया काम नहीं हो रहा।
अखिलेश के कामों पर श्रेय ले रहे योगी
योगी सरकार ने अखिलेश यादव की मेट्रो योजना का शुभारंभ कर इसका श्रेय लेना चाहा, हो सकता है कि उसी तरह से वह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का एक बार फिर से लोकार्पण कर दें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाज का हर व्यक्ति दहशत में है।