आगरालीक्स ..आगरा के सेंट पॉल्स चर्च कॉलेज के नर्सरी के छात्र के गायब होने से एक घंटे सनसनी रही, टीचर ने मना कर दिया कि बच्चा स्कूल नहीं आया है। कई घंटे तलाश के बाद नर्सरी का छात्र एक अन्य वैन में सोता हुआ मिला।
आगरा के एमजी रोड स्थित सेंट पॉल्स चर्च कॉलेज में कबीर एन्क्लेव, दयालबाग निवासी क्षितिज माधवी का बेटा देवांग माधवी नर्सरी में पढता है। क्षितिज एक निजी बैंक में मैनेजर हैं। वह वैन से स्कूल जाता है, शुक्रवार सुबह वैन से देवांग स्कूल गया। स्कूल की दोपहर 12:30 बजे छुट्टी हुई, वैन चालक को देवांग नहीं मिला, उसने क्लास टीचर से देवांग के बारे में पूछा। उन्होंने कह दिया कि देवांग तो आज आया ही नहीं है, इससे वैन चालक के होश उड गए, वह देवांग की तलाश करता रहा। देवांग के न मिलने पर उसने परिजनों को सूचना दी।
पुलिस को दी सूचना, वैन में मिला सोता
देवांग के पिता क्षितिज स्कूल पहुंच गए, उन्होंने थाना हरीपर्वत पुलिसको बेटे देवांग के गायब होने की सूचना दी। पुलिस भी छात्र की तलाश में जुट गई। दोपहर करीब दो बजे वैन चालक ने क्षितिज को बताया कि देवांग एक दूसरी वैन में सो गया था। उसके बारे में वैन के चालक को भी पता नहीं चल सका। वो जब अन्य बच्चों को छोड़कर आया तो उसने देवांग को सोता देखा।