आगरालीक्स…अजीब मामला…दो कौवे आपस में लड़ रहे थे. पास बैठे बुजुर्ग ने भगाने की कोशिश की तो दोनों कौवे बुजुर्ग पर हो गए हमलावर. चोंच मार—मार कर कर दिया घायल. पढ़ें ये अजीब मामला
आगरा मंडल के मैनपुरी जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां दो कौवे ने अपनी चोंच मार—मार कर एक बुजुर्ग को घायल कर दिया. आनन—फानन में परिजनों ने बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया है.

मामला मैनपुरी के थाना भोगांव अंतर्गत ग्राम मौजेपुर का है. यहां 80 वर्षीय बालिस्टर यादव रहते हैं. शनिवार शाम को वह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे. तभी उन्होंने देखा कि दो कौवे आपस में लड़ रहे हैं. थोड़ी देर देखने के बाद भी जब कौवों की लड़ाई बंद नहीं हुई तो इस पर बालिस्टर यादव ने उन्हें वहां से भगाने का प्रयास किया. बताया जाता है कि इस पर दोनों कौवों ने आपस में तो लड़ाई बंद कर दी और बजुर्ग पर वे हमलावर हो गए. कौवे ने जैसे ही अपनी चोंच से बुजुर्ग पर हमला किया तो इससे वो घबरा गए, पहले तो उन्होंने खुद ही दोनों कौवों को खदेड़ने का प्रयास किया लेकिन कौवों पर इसका कुछ असर नहीं हुआ और वो लगातार बुजुर्ग के सिर पर चोंच से हमला करने लगे. इससे बुजुर्ग घबरा गए और चीखते हुए परिजनों को बुलाया. परिजन दौड़ते हुए वहां आए और उन्होंने कौवों को वहां से खदेड़ा. इधर चोंच लगने से बुजुर्ग के सिर से खून बहने लगा. परिजनों ने आनन फानन में उनहें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.