आगरालीक्स…आज की मुख्य खबरें, तिरुपति के लड्डू में अब तंबाकू मिलने का दावा, 50 से ज्यादा महिलाओं को ठगने वाला अरेस्ट, अमेरिका यात्रा पूरी कर दिल्ली पहुंचे पीएम मोदी
3 दिन की अमेरिका यात्रा पूरी कर दिल्ली पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी 3 दिवसीय अमेरिकी यात्रा समाप्त करने के बाद मंगलवार को दिल्ली पहुंच गए। बीजेपी नेताओं ने पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया है। पीएम मोदी ने अपनी यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में क्वाड लीडर्स समिट में हिस्सा लिया था। इसके साथ ही पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के फ्यूचर समिट में भाग लिया था।
शादी के बहाने 50 से ज्यादा महिलाओं को ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे शातिर शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने शादी के बहाने 50 से ज्यादा महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम मुकीम अय्यूब खान है। जो कि महिलाओं को ठगने के मामले में आरोपी था। अपराध की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी मुकीम खान को पकड़ने के लिए हर संभव माध्यम से जानकारी जुटाई। इसके बाद जमीनी स्तर पर काम किया गया।
तिरुपति के लड्डू में अब तंबाकू मिलने का दावा
तिरुपति के प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु ने दावा किया है कि प्रसाद के रूप में दिए गए एक लड्डू के अंदर कागज में लिपटा हुआ तंबाकू मिला है। यह घटनाक्रम लड्डुओं में जानवरों की चर्बी पाए जाने के आरोपों के बाद आया है। मंदिर के प्रबंधन का काम देखने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने महिला के दावे का खंडन किया है।
मानसून ने पकड़ी वापसी की राह
भारत के बड़े हिस्से को भरपूर बारिश से सराबोर करने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपनी वापसी की यात्रा पर निकल पड़ा है। देशभर में पांच प्रतिशत अतिरिक्त बारिश लाने वाले दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की यात्रा सोमवार को शुरू हुई। हालांकि लेकिन मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में कई क्षेत्रों में व्यापक बारिश का अनुमान भी जताया है।
प्रयागराज में महाबोधि एक्सप्रेस पर पथराव
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाबोधि एक्सप्रेस पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव करने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय महाबोधि एक्सप्रेस नई दिल्ली से बिहार के गया जा रही थी। पथराव होते ही ट्रेन में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि पथराव में कई यात्री घायल भी हुए हैं। पथराव की यह घटना सोमवार की रात यमुना ब्रिज के पास हुई और बोगियों को निशाना बनाकर कई पत्थर फेंके गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरपीएफ की सूचना पर मीरजापुर स्टेशन पर ट्रेन रोककर घायलों का इलाज हुआ और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।