आगरालीक्स…आगरा सहित पूरे प्रदेश में रोडवेज बसों में सफर करना महंगा। आज रात 12 बजे से साधारण बसों में 25 पैसे प्रतिकिलोमीटर, वोल्वो व वातानुकूलित बस भी…

परिवहन निगम ने अधिसूचना जारी की

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। प्रबंध निदेशक संजय कुमार द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि साधारण बसों का किराया, जो अब तक एक रुपये पांच पैसे प्रति किलोमीटर था, उसमें बढ़ोत्तरी कर अब एक रुपये तीस पैसे प्रति यात्री प्रतिकिलोमीटर कर दियागया है।
डीजल की कीमतें बढ़ने पर बढ़ाया किराया
पत्र में कहा गया है कि पूर्व में बसों में किराए में वृद्धि एक जनवरी 2020 को हुई थी, उस समय डीजल की कीमत 63 रुपये पचास पैसे प्रति लीटर थी, जो अब 90 रुपये लीटर हो गई है। डीजल मूल्य में वृद्धि के कारण किराया बढ़ाया जाना अपरिहार्य हो गया था।
वातानुकूलित और वोल्वो में भी सफर महंगा
साधारण बसों में किराया वृद्धि के बाद निगम की वातानुकूलित बसों में अनुपातिक वृद्धि हुई है। जनरथ बस तीन वाई दो का किराया 163.86 पैसे, जनरथ टू वाई टू का किराया 193.76 पैसे, वातानुकूलित स्लीपर बस का किराया 258. 78 पैसे एवं वाल्वोबसों का किराया 286.14 पैसे प्रति यात्री प्रतिकिलोमीटर हो गया है।
बस स्टैंडों पर एनाउंसमेंट के आदेश
प्रबंध निदेशक ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक बस स्टैंड पर बढ़ी हुए किराये का एनाउंसमेट कराया जाए,जिससे भ्रम की स्थिति नहीं रहे। साथ ही नये मूल्य बोर्डों पर शीघ्र चस्पा किए जाएं।
अधिकारी करते रहे किराए का गुणा-भाग
आईएसबीटी डिपो के प्रभारी चंद्रंहस ने बताया नई अधिसूचना आने के बाद विभागीय अधिकारी किराए में वृद्धि का गुणा-भाग करते रहे हैं। मशीनो में भी इसे फीड किया जा रहा है।