आगरालीक्स… आगरा में सीएनजी पंप स्टेशन बंद होने के बाद घर घर पहुंच रही पीएनजी की सप्लाई भी ठप हो गई है, इससे लोगों को खाना बनाने में समस्या आ रही है। सुबह बच्चों को स्कूल छोडने के लिए वैन और बस नहीं आईं, पीएनजी बंद होने से नाश्ता तैयार नहीं हो सका।
आगरा में मंगलवार को यमुना पर बन रहे तीसरे पुल के तीन पिलर गिर गए थे, इसके पास से गेल की पाइप लाइन जा रही है। इसके बाद सीएनजी स्टेशन बंद कर दिए गए, बुधवार रात को शहर की पीएनजी सप्लाई भी ठप हो गई। गुरुवार सुबह स्कूल वैन नहीं आईं, इससे स्कूल जाने के लिए बच्चे परेशान हुए, परिजन उन्हें अपने वाहन से स्कूल छोडने गए। इससे स्कूल पहुंचने में बच्चे लेट भी हो गए।

उधर, रात से पीएनजी ठप होने के बाद रसोई में काम नहीं हो पा रहा है, सुबह बच्चों के लिए नाश्ता भी तैयार नहीं हो सका। शहर में 15 हजार पाइप्ड नेचुरल गैस के कनेक्शन हैं। दयालबाग, रिंग रोड, विजय नगर, महर्षिपुरम, कमला नगर, ताजनगरी की सप्लाई बंद है। मंगलवार शाम से गेल इंडिया की सप्लाई बंद होने के बाद पाइप में मौजूद गैस से आपूर्ति जारी थी। प्रेशर कम होने के कारण सीएनजी की सप्लाई ठप हो गई थी। एनएचएआइ ने भी बुधवार दोपहर तक पाइप लाइन से पिलर हटाने का समय मांगा था, लेकिन पिलर नहीं हटाए जा सके।
इंडस्ट्रीज की सप्लाई भी ठप
पीएनजी से टीटीजेड में इंडस्ट्री भी चल रहीं हैं, इनकी सप्लाई भी ठप हो गई, बुधवार को कई इंडस्ट्री में पीएनजी की सप्लाई ठप होने से काम नहीं हुआ, इससे नुकसान हुआ है। गुरुवार को भी पीएनजी सप्लाई कब तक शुरू होगी, यह स्पष्ट नहीं किया गया है।