आगरालीक्स… आगरा में यूपीएससी की सिविल सर्विसेज की प्रारंभिक परीक्षा 42 केंद्रों पर होगी, परीक्षा में 17808 अभ्यर्थी परीक्षा शामिल होंगे। इसके लिए शनिवार को तैयारी चलती रही।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए जैमर लगाए जाएंगे, जिससे मोबाइल काम नहीं कर सकेंगे। पर्यवेक्षक तक मोबाइल फोन अपने साथ नहीं रख सकेंगे।
रविवार को प्रथम पाली में सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले तक प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा अवधि समाप्त होने तक परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा शुरू होने से कुछ ही समय पहले प्रश्न पत्र केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा।
इस पर रहेगा प्रतिबंध
मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैमरा, बैग, कैलकुलेटर, लाइटर, माचिस आदि सामग्री साथ ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा में सुपरवाइजर, सहायक सुपरवाइजर, पर्यवेक्षकों के साथ-साथ मजिस्ट्रेटों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
एडीएम सिटी केपी सिंह ने बताया कि सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा संपन्न कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है। मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी को भटकने भी नहीं दिया जाएगा।