आगरालीक्स.. आगरा में फैक्ट्री में नकली शराब बन रही थी, फैक्ट्री में प्लांट लगा हुआ था। शराब को पैक कर बेचा जा रहा था, बडी मात्रा में शराब पकडी गई है। पुलिस ने फैक्ट्री में काम करने वाले 11 लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
आगरा के एत्माउददौला के शाहदरा चुंगी में फैक्ट्री में नकली शराब तैयार की जा रही थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने छापा मारा, फैक्ट्री में काम करते हुए 11 मजदूरों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। फैक्ट्री के अंदर का नजारा देखकर पुलिस के होश उड गए।
खुद ही तैयार कर रहे था देसी शराब
फैक्ट्री में शराब तैयार करने के लिए प्लांट लगा हुआ था, यहां केमिकल से शराब तैयार की जा रही थी। हजारों लीटर देसी शराब की अलग अलग ब्रांड बनी हैं। फैक्ट्री में नकली शराब तैयार करने के बाद अलग अलग नाम से चल रही ब्रांड की शीशियों में शराब भरी जाती थी। प्लांट से कच्ची शराब, केमिकल और हजारों लीटर देसी शराब जब्त की गई है।
सस्ती दर पर हो रही थी सप्लाई
फैक्ट्री से आगरा सहित आस पास के जिलों में सस्ती दर पर देसी शराब की सप्लाई की जा रही थी। यह काम लंबे समय से चल रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि रेस्टोरेंट से लेकर ठेके पर शराब को बेचा जा रहा था। पुलिस ने 11 मजदूरों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है, जिससे फैक्ट्री संचालक और नेटवर्क का पता चल सके।
बंधक बना रखे थे मजदूर
फैक्ट्री से 11 मजदूर हिरासत में लिए गए हैं, इसमें से कुछ नाबालिग भी हैं। ये आगरा से बाहर के रहने वाले हैं, पुलिस पूछताछ में मजदूरों ने बताया कि उन्हें फैक्ट्री में बंधक बनाकर रखा गया था, बाहर भी नहीं जाने देते थे। पुलिस छानबीन में जुटी है।