आगरालीक्स… आगरा के पास मथुरा में 100 फुट गहरे बोरवेल में पांच साल का बच्चा गिरा, कैमरे में बच्चे की तस्वीर आईं, बच्चा सकुशल निकल आए इसके लिए दुआएं की जा रही हैं।
शनिवार को मथुरा की छाता तहसील के गांव शेरगढ़ के अगरयाला निवासी दयाराम अपनी पत्नी सूरजो के साथ मजदूरी पर गेहूं काटने के लिए गया था। उनके तीन बेटे हैं, तीन भाई और दो बहनों में पांच साल का सबसे छोटा बेटा प्रवीन भी साथ में था।
धूप तेज थी, दोपहर को तीन बजे दयाराम अपनी पत्नी और बेटे के साथ हुकुम सिंह के खेत में पेड़ के नीचे जाकर बैठ गया। इसी बीच उनका पांच साल का बेटा प्रवीन बोरवेल में गिर गया। दंपती ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
पहले शेरगढ़ पुलिस को सूचना दी गई और फिर प्रशासन को।
सेना बचाव कार्य में जुटी

बोरवेल 100 फुट गहरा है, प्रवीन के बोरवेल में गिरने की सूचना पर रेस्क्यू टीम पहुंच गई। सेना को भी बुला लिया गया था। बोरवेल में पाइप के माध्यम से प्रवीन के पास तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। कैमरे से जो तस्वीर सामने आई है, उसमें बच्चा बांस पकड़े दिखाई दे रहा है। बोरवेल के बगल में खुदाई की जा रही है ताकि बच्चे तक पहुंचा जा सके। रात को अंधेरा हो जाने पर लाइट की व्यवस्था कर व्यवस्था करके बच्चे को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।