आगरालीक्स.. आगरा में स्कूल की फीस के लिए एक नामचीन स्कूल के कक्षा चार और आठवीं के छात्र मास्क बेच रहे हैं, यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को हरीपर्वत चौराहे का बताया जा रहा है, इस वीडियो में दो छात्र स्कूल यूनीफॉर्म में मास्क बेचते हुए दिखाई दे रहे हैं, ये छात्र आगरा के एक प्रतिष्ठित स्कूल के कक्षा चार और आठ के छात्र बताए जा रहे हैं, दोनों की सगे भाई हैं। इन छात्रों के पिता फोटोग्राफर हैं लेकिन लॉकडाउन में काम बंद हो गया।
स्कूल से फीस का मैसेज आया, मास्क बेचकर जुटा रहे फीस
बताया जा रहा है कि ये सगे भाई सदर क्षेत्र के रहने वाले हैं, पिता की कमाई बंद हो गई, स्कूल से फीस जमा करने के लिए मैसेज आने लगे, पैसे उधार लेकर मास्क खरीदे, इन मास्क को हरीपर्वत चौराहे पर बेच रहे हैं, स्कूल यूनीफॉर्म में छात्रों को मास्क बेचते देख लोग रुक जाते हैं, इनसे मास्क खरीद रहे हैं। यूनीफॉर्म पहनकर इसलिए मास्क बेचते हैं ताकि उन्हें देखकर लोग सहानुभूतिपूर्वक मास्क खरीदें।
कर रहे हैं फीस माफी की मांग
दोनों भाई पीएम मोदी और सीएम योगी से स्कूलों की फीस माफ करने की मांग कर रहे हैैं क्योंकि कई लोगों की लॉकडाउन और कोरोना संक्रमण में आर्थिक रुप सेे कमर टूट गई है और उनके सामने दो वक्त खाने के भी लाले हैं, ऐसे में उन्हें राहत मिलनी चाहिए।
खाली समय में पढाई
ये दोनों छात्र समय मिलते ही किताब खोल लेते हैं और पढाई करने लग जाते हैं।