आगरालीक्स…आगरा की दीप्ति शर्मा पर डब्ल्यूपीएल नीलामी में बरसा छप्पर फाड़कर धन. 3.2 करोड़ रुपये में सबसे महंगी रही दीप्ति शर्मा..जानिए किस टीम में खेलेंगी
आगरा की रहने वाली और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार आलराउंडर दीप्ति शर्मा डब्ल्यूपीएल नीलामी में अभी तक सबसे महंगी खिलाड़ी रही हैं. महिला क्रिकेट विश्व कप में प्लेयर आफ द टूर्नामेंट रही दीप्ति शर्मा को डब्ल्यूपीएल में यूपी वॉरियर्स ने 3.2 करोड़ रुपये में अपने नाम किया है. मार्की खिलाड़ी के रूप में दीप्ति शर्मा की बेस प्राइस 50 लाख रुपये थी. शुरुआती सेकंड तक उनके लिए कोई बोली ही नहीं लगाई. दिल्ली ने 50 लाख बेस प्राइस से शुरुआत की. दीप्ति के लिए दिल्ली के अलावा किसी टीम ने रुचि नहीं दिखाई. हालांकि यूपी वारियर्स ने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल किया. दिल्ली ने यूपी के सामने दीप्ति को लेने के लिए 3.2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा और यूपी वॉरियर्स ने दिल्ली का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया. इस तरह दीप्ति को आरसीटीएम के जरिए 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा. यूपी की टीम ने नीलामी से पहले दीप्ति को रिलीज कर दिया था लेकिन अब एक बार फिर वह डब्ल्यूपीएल में यूपी वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व करेंगी.