आगरालीक्स… आगरा में लंदन से लौटी कारोबारी की बेटी के कोरोना संक्रमित होने के बाद 50 सैंपल भेजे गए थे। कारोबारी, उनकी पत्नी, बेटे सहित 50 के सैंपल की रिपोर्ट आ गई है। इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने पर जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मगर, इन सभी को 14 दिन तक होम क्वारंटाइन में रखा जाएगा।
आगरा में कोरोना वायरस के 10 केस आ चुके हैं। 17 मार्च को लंदन से लौटी खंदारी निवासी कारोबारी की बेटी में शुक्रवार को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। इसके बाद कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटे सहित संपर्क में आए लोगों के साथ 50 के सैंपल भेजे गए थे। इसमें से 35 को क्वारंटाइन में रखा गया था। इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन्हें अब घर पर ही 14 दिन तक रहने के लिए कहा जाएगा, जिससे नजर रखी जा सके।
सात हो चुके हैं पूरी तरह से ठीक
तीन मार्च को खंदारी क्षेत्र निवासी जूता कारोबारी के इटली से लौटे दोनों बेटों के साथ जूता कारोबारी, बेटे की बहू नाती और उसके बाद फैक्ट्री में मैनेजर और उनकी पत्नी में कोरोना की पुष्टि हुई थी। ये सातों ठीक हो चुके हैं। इसके बाद 13 मार्च को यूरोप घूमने के बाद बेंगलुरू से आगरा आई युवती में कोरोना की पुष्टि हुई थी, इसका एसएन में इलाज चल रहा है। कोरोना का नौंवा मामला 21 मार्च को अमेरिका से लौटे डॉक्टर दंपति के बेटे में मिला था, वह 26 मार्च से एसएन में भर्ती है। वहीं, 10 वां केस 27 मार्च को सामने आया जब 17 मार्च को लंदन से वापस आई कारोबारी की बेटी में कोरोना की पुष्टि हुई है।
विदेश से आगरा लौटे 70 के लिए गए सैंपल
आगरा में अभी तक कोरोना के 10 केस आए हैं, इसमें से छह विदेश से लौटे थे। ऐसे में जिला प्रशासन ने आगरा में 12 मार्च और उसके बाद विदेश से लौटने वालों को कंट्रोल रूम में सूचना देने के लिए कहा गया था। इन लोगों के सूचना देने पर स्क्रीनिंग के लिए जिला अस्पताल में बुलाया गया। यहां 70 के सैंपल लिए जा चुके हैं, अभी प्रक्रिया चल रही है।