आगरालीक्स …लॉक डाउन में आगरा की सडकों पर हजारों लोग दिखाई दे रहे हैं, ये दिल्ली, हरियाणा से अपने घर लौट रहे हैं, रोडवेज बस और ट्रक पूरी तरह से भरने के बाद भी भीड कम नहीं हो रही है। इन लोगों के लिए शहर वासियों द्वारा खाने का इंतजाम किया गया है।
25 मार्च को देश भर में लॉक डाउन होने के बाद बडी संख्या में लोग दिल्ली, पलवल, हरियाणा से आगरा होते हुए अपने घर झांसी, कानपुर, बिहार जा रहे हैं। कुछ दूर के लिए वाहन मिल जाते हैं, इसके बाद पैदल चलना पड रहा है। ऐसे में शनिवार को आगरा में पैदल पैदल अपने घर मुरैना जा रहे रेस्टोरेंट के होम डिलीवरी ब्वॉय की मौत हो गई।
होम डिलीवरी ब्वॉय की मौत
दिल्ली के रेस्टोरेंट में होम डिलीवरी ब्वॉय मुरैना निवासी रणवीर अपने दो साथियों के साथ लॉक डाउन से रेस्टोरेंट बंद होने पर अपने घर के लिए निकला। वह शनिवार सुबह आगरा पहुंच गया। यहां सिकंदरा क्षेत्र में रणवीर की तबीयत बिगड गई, वह एक दुकान के सामने बैठ गया। दुकान मालिक आ गए, उन्होंने रणवीर को चाय पिलाई और खाने का इंतजाम भी किया। उसने कहा कि सीने में दर्द हो रहा है, दर्द तेज होता गया, कुछ ही देर में रणवीर की मौत हो गई। उसके पास मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है। रणवीर के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।