आगरालीक्स…आगरा में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसे में दो की मौत। टूरिस्ट बस का टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर टोल से टकराने के बाद गाड़ियों में घुसी। पुलिस की गाड़ी को चपेट में लिया। हादसे में 2 की मौत, आधा दर्जन घायल हैं।
आगरा में शनिवार सुबह मुजफ्फर पुर बिहार से 55 सवारियां लेकर दिल्ली जा रही टूरिस्ट बस के लखनऊ एक्सप्रेस के फतेहाबाद टोल प्लाजा पहुंचते ही ब्रेक फेल हो गए। बस को कंट्रोल करने में पहिया गड्ढे में चला गया। इससे टायर फट गया और बस आगे की ओर बैरियर तोड़ती हुई निकली। टोल पर तैनात गार्ड और टोल कर्मियों ने बस रोकने की कोशिश की। बस की चपेट में आकर ये घायल हो गए। बैरियर तोडऩे के बाद बेकाबू बस ने टोल से बीस मीटर दूर खड़ी पुलिस की जिप्सी को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद जिप्सी करीब 25 मीटर तक घिसटती गई। इसके बाद आगे खड़े डंपर से टकरा कर रुक गई। जिप्सी में बैठे सिपाही एहसान अली इसमें फंस गए। हादसे के बाद टोल पर अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई। बस के चालक और परिचालक बस छोड़कर भाग गए। टोलकर्मियों और गार्डों ने जिप्सी की खिड़की तोड़कर सिपाही एहसान अली को निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। टोलकर्मी सादाबाद के बास अमरू निवासी 23 वर्षीय अमरकांत पचौरी पुत्र संजय पचौरी और टोल पर फूल बेचने वाले 12 वर्षीय सोनू पुत्र राम निवास निवासी उझावली फतेहाबाद की मौत हो गई। जबकि सिपाही एहसान अली, टोल के गार्ड फतेहाबाद के बाबर पुर निवासी सत्यवीर, खंडेर निवासी कुशलपाल और बस में सवार मुजफ्फर पुर बिहार निवासी दुर्गा प्रसाद, खुशबू और मंजरी का इलाज चल रहा है।
पुलिस जीप को चपेट में लिया