आगरालीक्स…आगरा में तूफान के अलर्ट के बीच 68 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आई आंधी में मरने वालों की संख्या बढकर तीन हो गई है। दीवार गिरने से घायल हुए बच्चे की गुरुवार को मौत हो गर्इ। इस बार आंधी का कहर एत्मादपुर विधानसभा में बरपा है।
बुधवार शाम पांच बजे आंधी शुरू हुई, छह बजे 68 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से धूल भरी आंधी आई, बारिश और ओले पडे। इससे एत्मादपुर क्षेत्र में मकान गिर गए, दीवार ढह गईं। पेड टूट कर गिर गए। एत्मादपुर के गांव नगला नथौली में कच्चा मकान गिरने से युवक राम रतन की मौत हो गई। सुरेरा गांव में छत गिरने से 55 वर्षीय महिला खिलौनी देवी की जान गई। उनकी मौत आंधी में हुई, इसे लेकर प्रशासन की टीम जांच कर रही है।
चार घायल बच्चों में से एक की मौत
खंदौली के नगला अर्जुन राजपाल के घर की दीवार गिर गई थी, इसमें उनका बेटा विशाल सहित चार बच्चे घायल हो गए थे। विशाल के शरीर पर चोट नहीं थी, देर रात विशाल के सिर में दर्द हुआ। सुबह विशाल के मुंह से खून निकलने लगा और कुछ ही देर में मलबे में दबने से शुरू हुई इंटरनल ब्लीडिंग से विशाल की मौत हो गई।