आगरालीक्स …आगरा मे एक सास अपनी बहुओं से परेशान हैं, वे शाम होते ही घर पर बार सजा लेती हैं, दोनों बहुएं शराब पीने के साथ हंगामा करती हैं। परिवार की बदनामी होने पर सास ने उन्हें रोका तो उनसे झगडा करने लगीं। इस मामले में 60 वर्षीय सास ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आगरा के सदर क्षेत्र के परिवार में 60 वर्षीय सास के दो बेटे और उनकी पत्नी रहती हैं। बेटे घर पर शराब लेकर आते हैं और खाना खाने से पहले घर पर ही शराब पीते हैं। गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाए कि बेटे शराब की बोतल घर पर लेकर आते थे, उन बोतलों में से दोनों बेटों की पत्नी भी शराब पीने लगी। पहले थोडी शराब पीती थी अब शराब की मात्रा बढा दी है। वे घर पर ही बार बना लेती हैं और शराब पीने के बाद हंगामा करने लगती हैं। घर में हंगामा होने पर आस पास के लोग भी आ गए, बहुओं के शराब पीने की जानकारी होने से परिवार की बदनामी हो रही है।
बहुओं को रोका तो करने लगी झगडा
बुजुर्ग महिला का आरोप है कि परिवार की बदनामी होने पर उन्होंने अपनी बहुओं से शराब ना पीने के लिए कहा, इस पर वे आग बबूला हो गईं और झगडा करने लगी। आए दिन घर में शराब पीने के बाद हंगामा करती हैं और इसके बाद झगडा करने लगती हैं। कहती हैं कि अपने बेटों को शराब पीने से क्यों नहीं रोकती हो, इससे परेशान बुजुर्ग महिला एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।