आगरालीक्स…. आगरा रीजन में रोडवेज बस पर हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से दो बच्चों सहित सात की दर्दनाक मौत हो गई, बस से आग की लपटें उठने लगी, सडक गीली होने से बस में करेंट दौड गया और कई यात्री करंट में झुलस गए। बिजली आपूर्ति ठप करने के बाद अन्य यात्रियों को बाहर निकाला गया। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।
आगरा रीजन के एटा में मंगलवार को बेवर डिपो की बस एटा से बेवर जा रही थी, बस में 62 यात्री थे। दिल्ली कानपुर हाईवे पर हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिर गया, इससे पहले ही बारिश हुई थी, जिससे सडक भी गीली थी, इससे रोडवेज बस में करेंट दौडने लगा। रोडवेज बस के गेट के पास खडे एक के बाद एक सात यात्री करेंट की चपेट में आ गए। बस के पायदान के पास आग लग गई, बस के पहियों में भी आग लगने लगी। यात्री जूता पहने हुए थे और सीट पर बैठे थे, उन्हें तेज करेंट नहीं लगा।
सात लोगों की दर्दनाक मौत
रोडवेज बस पर हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से सात लोगों की दर्दनाक मौत हुई है, उषा पत्नी नेत्रपाल निवासी पटियाली के दोनों बच्चों की मौत हो गई और वह झुलस गई हैं। जबकि पांच लोगों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। बस का गेट खोलने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया, करीब छह यात्री हादसे में झुलस गए हैं, उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।

हादसे के बाद मची चीख पुकार
रोडवेज बस पर बिजली का तार गिरने से हुए हादसे के बाद स्थानीय लोग भी पहुंच गए, इससे चीख पुकार मच गई, दिल्ली कानपुर रूट पर आ रही अन्य बसों को रोक दिया गया। दर्दनाक हादसे से लोगों की रूह कांपने लगी।
10 मिनट तक दौडा करेंट, ड्राइवर और कंडेक्टर भागे
रोडवेज बस में 10 मिनट तक करेंट दौडता रहा। रोडवेज बस में बैठे अन्य यात्रियों को करेंट बंद होने के बाद बाहर निकाला गया, इसमें से छह यात्री बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्हें गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। रोडवेज बस के ड्राइवर सुखवीर यादव और कंडेक्टर देवेंद्र बस छोडकर भाग गए।
Leave a comment