आगरालीक्स….(11 January 2022 News) चुनाव से पहले बीजेपी को करारा झटका दे गए स्वामी प्रसाद मौर्य. तीन और विधायकों ने छोड़ा बीजेपी का साथ. लाइन लंबी होने वाली है. अखिलेश बोले…
विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को एक के बाद एक करारे झटके मिल रहे हैं. मंगलवार को केबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने राज्यपाल को मंत्रिपद से इस्तीफा देने के बाद समाजवादी पार्टी को ज्वाइन कर लिया. स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि श्रम-सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री के रूप में विपरीत स्थिति औऱ विचारधारा के बावजूद बेहतर तरीके से काम किया और उत्तरदायित्वों का निर्वाहन किया लेकिन किसानों, युवाओं, बेरोजगारों, छोटे व्यापारियों की उपेक्षात्मक रवैये के कारण वह मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे रहे हैं. उन्होंने सपा की सदस्यता भी ग्रहण कर ली है.
समर्थन में तीन विधायकों ने छोड़ी बीजेपी
इधर स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थन में तीन और विधायकों ने बीजेपी का साथ छोड़ दिया है. इनमें विधायक बृजेश प्रजापति, भगवती प्रसाद सागर और रोशन लाल वर्मा शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चर्चा है कि मंत्री धर्म सिंह सैनी समेत 4 और विधायक सपा ज्वाइन कर सकते हैं. इससे भाजपा खेमे में भगदड़ मच गई है. भाजपा के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अभी स्वामी प्रसाद मौर्य को मनाने में जुटे हुए हैं. उन्होंने एक ट्वीट भी किया है जिसमें उन्होंने लिखा है कि ”आदरणीय स्वामी प्रसाद मौर्य जी ने किन कारणों से इस्तीफा दिया है मैं नहीं जानता हूँ उनसे अपील है कि बैठकर बात करें जल्दबाजी में लिये हुये फैसले अक्सर गलत साबित होते हैं” इसके अलावा पटियाली कासगंज के विधायक ममितेश शाक्य, औरैया विधूना से विधायक विनय शाक्य और बदायूं शेखूपुर से धर्मेंद्र शाक्य और विधायक नीरज मौर्य के भी सपा का दामन थामने की खबरें तेज हो रही हैं.हालांकि विनय शाक्य के भाई देवेश शाक्य ने इसे खारिज कर दिया है.
अखिलेश बोले ‘मेला होबे’
इधर अखिलेश यादव ने कहा है कि इस बार सभी शोषितों, वंचितों, उत्पीड़ितों, उपेक्षितों का ‘मेल’ होगा और भाजपा की बाँटने व अपमान करनेवाली राजनीति के ख़िलाफ़ सपा की सबको सम्मान देनेवाली राजनीति का इंक़लाब होगा. बाइस में सबके मेल मिलाप से सकारात्मक राजनीति का ‘मेला होबे’. भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी. इससे पहले उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य के बीजेपी में शामिल होने के बाद ट्वीट कर कहा कि सामाजिक न्याय और समता-समानता की लड़ाई लड़ने वाले लोकप्रिय नेता श्री स्वामी प्रसाद मौर्या जी एवं उनके साथ आने वाले अन्य सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन!