आगरालीक्स …आगरा के एक परिवार ने सीएम अखिलेश से गुहार लगाते हुए कहा है कि वे आपके यूपी को छोडकर जाने को मजबूर हैं, पुलिस उनके बेटे के हत्यारोपी को नहीं पकड रही है, बुधवार को एसएसपी कार्यालय पर परिजन अपने बच्चों के साथ बैनर लेकर बैठ गए।
जूते स्टीकर के कारोबारी सुनील शर्मा इंद्रा कालोनी, शाहगंज में रहते हैं, उनके बेटे सावन (24) की 31 जुलाई को हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप शीतला गली निवासी दोस्त सुमित, हक्कू, संजय सहित चार पर है। परिवारीजनों का कहना है कि सुमित को सबसे पहले पुलिस ने उनके कहने पर ही गिरफ्तार किया। इसके बाद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। मुख्य आरोपी हक्कू अब तक हाथ नहीं लगा है। पुलिस दबिश तक नहीं दे रही है।
इकलौटा बेटा नहीं रहा
एसएसपी कार्यालय पर परिजन बेटे की तस्वीर साथ लेकर आए थे। चीख-चीखकर कह रहे थे कि इकलौता बेटा नहीं रहा। पुलिस मुख्य आरोपित को अभी तक नहीं पकड़ पाई है। उनसे बोलती है कि बेटा नशेबाज था। बच्चे पोस्टर लिए हुए थे जिस पर लिखा था अखिलेश अंकल हम आपका यूपी छोड़कर जा रहे हैं।
नाले में फेंक दिया था शव
शव को मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र स्थित नाले में फेंका गया था। शाहगंज पुलिस ने इस मामले में उसके दोस्त सुमित को जेल भेजा था। पूछताछ में हक्कू और मथुरा के सुरेंद्र के नाम बताए थे। एक अन्य का नाम वह नहीं जानता था। सावन के पिता सुनील शर्मा का कहना था कि दो हत्यारोपित जेल में हैं। सुरेंद्र ने समर्पण किया था। उसे रिमांड पर नहीं लिया गया। मां का कहना है कि बेटे की लाश को आरोपियों ने मथुरा में नाले में डाल दिया था। बाद में पुलिस ने शव का अज्ञात में अंतिम संस्कार करा दिया। मगर इकलौते बेटे की अस्थियां आज तक नहीं मिली हैं।
Leave a comment