आगरालीक्स… कश्मीर में एलओसी के पास बारामूला के उरी सेक्टर में सेना मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले में 17 जवान शहीद हो गए। गृह मंत्रालय ने आगरा सहित देश भर के हवाई अड्डों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। सेना के मुताबिक इनमें से 12 लोग आतंकियों द्वारा बैरक में आग लगाये जाने से जबकि शेष 5 लोग गोलियों से भून कर मार दिए गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने बताया कि, उरी में आतंकी हमला करने वाले सभी चारों विदेशी आतंकवादी थे और प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार वे जैश ए मुहम्मद के थे। उन्होंने कहा कि, आंतकी अपने साथ भारी मात्रा में गोला-बारुद लेकर आए थे। चूंकि आतंकवादियों के पास कुछ पाकिस्तानी सामान मिला है इसलिए इस मामले पर मैंने पाक डीजीएमओ से बात की है। उरी हमले में 13-14 जवानों की मौत टेंट में आग लगने के कारण हुई। हालात का जायजा लेने के लिए सेना प्रुमख उरी पहुंच चुके हैं इसके साथ ही रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर भी श्रीनगर पहुंच गए हैं।
उत्तरी कश्मीर के उरी शहर में रविवार सुबह भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने एक बटालियन मुख्यालय पर हमला कर दिया जिसमें 17 जवान शहीद हो गए और 19 अन्य घायल हुए हैं। आज का हमला हाल के वर्षों में सेना पर किए गए सबसे घातक हमलों में से एक है। हमले में शामिल चार आतंकवादियों को सेना ने मार गिराया
उरी हमले के वक्त सभी आतंकी सेना की वर्दी में थे। इससे पहले लश्कर ने जितने भी बड़े हमले किए हैं, उनमें आतंकी वर्दी में ही थे, जैसे संसद हमला। पठानकोट बेस पर भी आतंकी जवानों की वर्दी में ही आए थे, हालांकि वह हमला जैश ने किया था।
टाइम लाइन
4 : 00 बजे- रविवार सुबह आतंकी उरी स्थित सैन्य शिविर में घुसे।
4 : 03 बजे- एक आतंकी ने आत्मघाती धमाका किया, जिससे तंबुओं में आग लग गई।
4 :04 बजे- शिविर में रह रहे सैनिकों ने मोर्चा संभाला।
7 : 00 बजे- पुलिस ने बयान जारी कर आतंकी हमले की पुष्टि की।
7 : 15 बजे- पुलिस ने कहा, आतंकी सुबह होने से पहले ही सैन्य शिविर में घुसे और बंदूकों व ग्रेनेड से सैनिकों पर हमला कर दिया।
7 : 30 बजे- न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हमले में 3 से 4 आतंकी शामिल थे।
7 : 50 बजे- खबर आई कि हमले में सेना के 6 जवान घायल हुए हैं।
8 : 00 बजे- सेना के विशेष कमांडो दस्ते के जवान हेलिकॉप्टर से सैन्य शिविर पहुंचे। मुठभेड़ अब भी जारी थी।
8 : 10 बजे- गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना रूस और अमेरिका का दौरा रद्द किया।
8 : 25 बजे- मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद, 6 घायल जवानों में एक की हालत नाजुक।
8 : 50 बजे- गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आपात बैठक बुलाई, सैन्य शिविर में मुठभेड़ जारी।
9 : 00 बजे- जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने राजनाथ सिंह को उरी की स्थिति के बारे में बताया।
9 : 25 बजे- उरी में सुरक्षा बढ़ाई गई। नियंत्रण रेखा की ओर जाने वाली सड़कों पर भी चौकसी बढ़ी।
9 : 57 बजे- राजनाथ सिंह ने उच्च स्तरीय बैठक दिन में सवा बारह बजे अपने आवास पर बुलाई।
10 : 10 बजे- सेना के प्रवक्ता ने मुठभेड़ में 4 आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की।
10 : 15 बजे- सेना के जवानों ने शिविर और उसके आसपास तलाशी अभियान शुरू किया।
10 : 59 बजे- सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग कश्मीर पहुंचे।
11 : 00 बजे- सेना के प्रवक्ता ने मुठभेड़ में 17 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की।
उरी में आतंकी हमले
15 अगस्त, 2016- घुसपैठ कर रहे 5 आतंकियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया
26 जून, 2016- मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए
11 जनवरी, 2016- रामपुर में घुसपैठ में लगे पांच आतंकी मारे गए
03 जुलाई, 2015- मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया, एक जवान शहीद
05 दिसंबर, 2014- मोहरा में 11 जवान शहीद, हमले में शामिल सभी छह आतंकी मारे गए।
(इंटरनेट फोटो )
Leave a comment