आगरालीक्स…आगरा—मथुरा हाइवे पर बदमाशों ने लूटा 128 फ्रिज से भरा कंटेनर. कार में आकर किया ओवरटेक और हथियारों के बल पर दिया वारदात को अंजाम
आगरा—मथुरा हाइवे पर कार सवार बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया हैं. बदमाशों ने छाता फ्लाईओवर पर ओवरटेक कर 128 फ्रिज लेकर जा रहे एक कंटेनर को रोक लिया और फिर हथियारों के बल पर चालक और क्लीनर को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दे डाला. बदमाश चालक और क्लीनर को कोसी—कोटवन की खरौंठ नहर के पास फेंक गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले हैं और चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है.

फरीदाबादसे जा रहा था ग्वालियर कंटेनर
फरीदाबाद की केएल लौजिस्टिक का कंटेनर 128 फ्रिज को लेकर ग्वालियर के लिए जा रहा था. कंटेनर को चालक कैलाश निवासी पलवल चला रहा था और उसके साथ क्लीनर राजू सैनी निवासी पलवल भी साथ था. बुधवार रात करीब पौने आठ बजे ये लोग चले थे. रात को छाता फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही एक ईको कार तेजी से ओवरटेक करते हुए इनके सामने आकर रुक गई. कार में पांच लोग सवार थे. कंटेनर के रुकते ही कार सवार बदमाशों ने ड्राइवर और क्लीनर को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और करीब साढ़े चार घंटे तक घुमाने के बाद चालक और परिचालक को कोसीकलां कोटवन मार्ग पर खरौंठ नहर के पास फेंक कर चले गए.
गुरुवार सुबह चालक ने इसकी सूचना किसी तरह पुलिस को दी. चालक और परिचालक किसी तरह कोसीकलां थाने पहुंचे. पूरी घटना बताने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले. एक जगह सीसीटीवी में लुटेरे कंटेनर को मेवात की ओर ले जाते दिखे. पुलिस ने चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.